प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बड़ागांव में एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ को गालीगलौज देते हुए वीडियो रिकार्ड किया। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर शुक्रवार की शाम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में बसनी गांव निवासी सत्येंद्र कुमार पाठक की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस ने मामला दर्ज कर चंगवार निवासी अमीन को गिरफ्तार किया है।
इसके साथ ही वायरल हुए वीडियो को तैयार करने वालों की खोजबीन की जा रही है। पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी वाला वीडियो शुक्रवार की शाम बड़ागांव क्षेत्र में वाट्सएप ग्रुप पर तेजी से वायरल हुआ।
वायरल वीडियो में एक युवक पीएम मोदी और सीएम योगी को गालियां दे रहा था। वीडियो को देखने के बाद बसनी गांव निवासी सत्येंद्र कुमार पाठक बड़ागांव थाने पहुंचे और मुकदमा दर्ज कराए। पुलिस ने आननफानन में वीडियो में गालियां देते हुए दिखाई दे रहे अमीन को गिरफ्तार कर लिया।