गाजीपुर जिले के पटकनियां गांव में बुधवार की देर रात इंटर के छात्र ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुहवल थाना क्षेत्र के पटकनियां गांव निवासी गोपाल मिश्रा का बेटा अंबरीश मिश्रा कक्षा 12वीं का छात्र था। देर शाम वह अपने घर पहुंचा और चुपचाप कमरे में चला गया। इस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य घर पहुंचे। लेकिन अंबरीश के कमरे से कोई आवाज न आने पर किसी अनहोनी की आशंका से परिवार के सदस्य कमरे तक पहुंचे और कमरा खोला।
अंदर का दृश्य देख सभी अवाक रह गए। युवक छत की कुंडी से फांसी के फंदे पर झूल रहा था। आननफानन में परिवार के लोगों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मौत किन कारणों से हुई यह ज्ञात नहीं हो सका है।
मृतक के पास मिले मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है। उसके सहारे जांच-पड़ताल की जा रही है। अंबरीश सुहवल गांव के कोचिंग में पढ़ता था।
उसकी मां मीरा देवी बिहार में अपने किसी रिश्तेदारी में दो दिन पहले गई थीं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गईं।
सीओ आरडी यादव ने बताया कि युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। अंबरीश के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है, उसके नंबरों की जांच होगी।