बॉलीवुड स्टार सलमान की खान की तस्वीर वाला चूरन खाना दो बच्चों के लिए जानलेवा साबित हुआ। 'बजरंगी भाईजान' के नाम से बिकने वाले इस चूरन को खाने से उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जहां दो बच्चों की मौत हो गई, वहीं पांच की हालत गंभीर है।
विज्ञापन
जहरीला चूरन खाने से शुक्रवार को सरपतहा थाना क्षेत्र के भैसौली गांव के दो बच्चों की मौत हो गई जबकि हालत गंभीर होने पर महिला समेत पांच बच्चों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दो अन्य बच्चों की हालत में सुधार होने पर उन्हें राजकीय चिकित्सालय सुल्तानपुर से घर भेज दिया गया है।
बजरंगी भाई जान के नाम से बिकने वाले इस चूरन के पैकेट में सलमान खान की वह तस्वीर छपी है जो चर्चित फिल्म बजरंगी भाई जान में सलमान खान बच्ची को कंधे पर बैठाकर चलते हैं। चूरन बेचने वाली महिला, स्टाकिस्ट और एजेंट के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। देर शाम ग्रामीणों ने बच्चों के शवों के साथ जौनपुर सुल्तानपुर सीमा के कादीपुर चौराहा पर जाम लगा दिया था।
विज्ञापन
भुसौली गांव निवासी संजय वर्मा की बेटी रिया(10) और अंकुश(7) और अंशु(8) ने शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव की परचून की दूकान से खरीदा चूरन खा लिया। थोड़ी ही देर में उल्टी के साथ उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वह बेहोश गए। यह देख परिवारवाले घबरा गए।
आसपास के कई और बच्चों ने जिन्होंने वह चूरन खाया था उनकी भी तबियत बिगड़ने लगी। गांव निवासी अरविंद वर्मा के भी दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी तो उनकी पत्नी लक्ष्मी को चूरन पर शक हुआ। उन्होंने खुद चूरन चखा तो थोड़ी ही देर में उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। सभी को पहले गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया पर वह बंद था।
जौनपुर पुलिस ने कृष्णा और मुश्ताक को किया गिरफ्तार
bajrangi bhaijaan churan
- फोटो : अमर उजाला
बाद में 108 एंबुलेंस से सभी को सीएचसी सुइथाकला ले जाया गया वहां भी कोई डाक्टर नहीं मिला तो सभी को बगल के सुल्तानपुर जिले के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। जहां डाक्टर ने रिया और अंकुश को मृत घोषित कर दिया।
अरविंद वर्मा के पुत्र सनी (8) और अभि (6) को भर्ती कर लिया गया और हालत खराब होने पर लक्ष्मी (35) पत्नी अरविंद वर्मा, साक्षी (6) पुत्री चंद्रहास वर्मा, हरिराम वर्मा के पुत्र विक्षेष (3) और पुत्री दिशा (4), अंशू (8) पुत्र संजय वर्मा को लखनऊ के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
सुल्तानपुर प्रतिनिधि के अनुसार रात में बच्चों की मौत की सूचना के बाद भैसोली गांव के लोगों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने रात करीब 10 बजे सूरापुर कस्बे में स्थित चूरन के थोक विक्रेता मुश्ताक की दूकान घेर ली। ग्रामीणों का आरोप था कि मुश्ताक ही जहरीला चूरन बेचता हैं, जिसे खाने के बाद लोग बीमार पड़े।
सूरापुर कस्बे में तनाव की सूचना मिलने के बाद कोतवाली कादीपुर पुलिस गांव में पहुंच गई और मुश्ताक को गिरफ्तार कर लिया। कादीपुर कोतवाल शिवमुनि सिंह यादव ने बताया कि मामला पड़ोसी जनपद जौनपुर का होने की वजह से आरोपी दूकानदार को सरपतहा पुलिस को सौंप दिया गया है।
सरपतहा थानाध्यक्ष रितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतबच्चों के दादा जमादार वर्मा की तहरीर पर भैसोली गांव की अनुसुइया देवी (जहां से बच्चों ने चूरन खरीदा था), सूरापुर कस्बा निवासी मुश्ताक (चूरन का थोक विक्रेता) व एक अन्य कृष्ण कुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कृष्णा और मुश्ताक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना से गुस्सा लोगों ने शनिवार की देर शाम बच्चों के शवों के साथ जौनपुर सुल्तानपुर सीमा पर स्थित कादीपुर चौराहे पर जाम लगा दिया था। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
भैसौली गांव में जिस चूरन को खाने से दो मासूम काल के गाल में समा गए और महिला समेत सात बच्चे जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं उसके पैकेट पर न तो मैन्यूफैक्चरिंग डेट लिखी है और न ही एक्सपायरी डेट है।
बजरंगी भाई जान के नाम से बिकने वाले इस चूरन के पैकेट में सलमान खान की वह तस्वीर छपी है जो चर्चित फिल्म बजरंगी भाई जान में सलमान खान बच्ची को कंधे पर बैठाकर चलते हैं।
यह चूरन कहां और किस फैक्ट्री में बनता है इसका भी उल्लेख पैकेट पर कहीं नहीं है। हैरानी की बात यह है कि ऐसी ही खाद्य सामग्रियों पर नजर रखने के लिए तैनात किए गए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी बेखबर हैं।