अंतरराज्यीय अपराधी अरुण कुमार तिवारी।
छोटा राजन और गुरु साटम गैंग से जुड़े अंतरराज्यीय अपराधी वाराणसी के फूलपुर निवासी अरुण कुमार तिवारी उर्फ डब्बू तिवारी को एसटीएफ ने रविवार की सुबह जेपी मेहता स्कूल के पास से गिरफतार कर लिया। उसके पास से चोरी की स्विफ्ट कार बरामद की गई। मध्य प्रदेश पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह मध्य प्रदेश के कारोबारी राजेश जैन के अपहरण कांड में वांछित था। इस वारदात की योजना उसने ही बनाई थी। उसके खिलाफ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि नकटी भवानी गांव का रहने वाला अरुण वाराणसी और आसपास के इलाकों में छिपकर रह रहा है। इसी दौरान रविवार की सुबह मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि वह कचहरी क्षेत्र में जेपी मेहता स्कूल के पास मौजूद है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 2013 में उसने सुधीर भदौरिया गैंग से मिलकर मध्य प्रदेश के खंडवा निवासी राजेश जैन का अपहरण फिरौती के लिए किया था। इस संबंध में थाना कोतवाली, जनपद खंडवा में मुकदमा दर्ज है। इस अपराध में उसके अन्य साथी गिरफ्तार हो चुके हैं। बताया कि उसने प्रापर्टी डीलर बनकर एक जमीन के सौदेे के लिए राजेश जैन को बुलाया और उसे अगवा कर लिया। इसके बाद कारोबारी को इंदौर में सुधीर भदौरिया के सुपुर्द कर दिया था।