उत्तर प्रदेश के चंदौली में सीबीआई ने सोमवार को एसबीआई के एक बैंक मैनेजर को घूस लेने पर गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। बैंक मैनेजर दस लाख रुपये ऋण दिए जाने के एवज में कमीशन की मांग कर रहा था। छापेमारी से बैंक कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जिले खजूर गांव निवासी रामाश्रय सिंह शहाबगंज क्षेत्र के ईशापुर में प्राइमरी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर नियुक्त हैं। रामाश्रय के पुत्र के विष्णु दयाल सिंह ने बताया कि उसके पिता ने लगभग एक सप्ताह पूर्व किसी कार्यवश स्टेट बैंक आफ इंडिया की साहूपुरी शाखा में दस लाख रुपये ऋण के लिए आवेदन किया था।
ऋण देने के एवज में बैंक मैनेजर अजय कुमार गोंड ने पांच प्रतिशत बतौर सुविधा शुल्क देने की मांग की। शाखा प्रबंधक की मांग से परेशान होकर रामाश्रय ने इसकी शिकायत वाराणसी के भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्य करने वाली शाखा के अधिकारियों से की।