घटना का प्रमुख कारण जमीन का विवाद बताया गया
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के आजमगढ़ में गोली मारकर दिव्यांग आटा चक्की मालिक की हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या का कारण जमीन का विवाद बताया जा रहा है। मृतक के बेटे की तहरीर पर दो पट्टीदारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव निवासी परशुराम यादव (46) घर पर आटा चक्की चलाता था। परशुराम रोज भोर में बिजली आने पर चक्की चलाता था। मंगलवार की भोर में बिजली कटने पर वह खेत में शौच करने गया। सुबह होने पर कुछ और लोग खेत में शौच के लिए जा रहे थे परशुराम को खून से लथपथ देखा। उन्होंने तुरंत घरवालों को सूचित किया।
लोगों को लगा कि परशुराम को जंगली सुअर ने हमला कर घायल किया है। बाद में देखने पर पता चला कि उसे गोली लगी है। जब तक परशुराम को अस्पताल ले जाने का प्रबंध किया जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर एसओ रौनापार राजकुमार सिंह के अलावा महराजगंज और बिलरियागंज थाने की पुलिस पहुंची। पूछताछ के दौरान परशुराम के परिजनों ने हत्या के पीछे जमीन का विवाद बताते हुए अपने पट्टीदार बलवंत, श्रवण पुत्रगण श्यामा यादव को आरोपित किया।
पुलिस इन दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद से ही बलवंत और श्रवण घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने इनके पिता श्यामा यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
परशुराम एक पुत्र और दो पुत्रियों का पिता था। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना का कारण जमीन का विवाद बताया गया है। पट्टीदारों को आरोपित किया गया है। पुलिस दो लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।