उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक बसपा नेता ने सिपाही को पीट दिया। सिपाही का दोष सिर्फ इतना था कि उसने बसपा नेता को जाम होने के कारण गाड़ी को साइड लगाने के लिए कहा था। घटना के बाद पुलिसकर्मी बसपा नेता को गाड़ी के साथ थाने ले गए। थाने पर गाड़ी को सीज करने के साथ बसपा नेता को गिरफ्तार कर लिया गया।
जिले के जीयनपुर चौक पर रविवार शाम जाम लगा हुआ था। कोतवाली के सिपाही जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे थे। इसी दौरान बहुजन समाज पार्टी के मऊ जिले के महासचिव चंद्रशेखर अपने परिवार के साथ बोलेरो गाड़ी से जा रहे थे। तभी मौके पर तैनात सिपाही ने गाड़ी को साइड लगाने के लिए कहा।
इस बात पर घोसी निवासी चंद्रशेखर सिपाही से गाली-गलौज करते हुए उलझ गए और उस पर लात चला दी। सिपाही उस नेता की इस हरकत से आक्रोशित हो गए और थाने चलने के लिए कहा। इस पर गाड़ियों में बैठे नेता के समर्थक और परिजन सिपाहियों पर टूट पड़े।
तभी मौके पर थाने की पुलिस पहुंच गई और नेता को गाड़ी सहित थाने ले गए। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर वाहन को सीज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। देर रात तक बहुजन समाज पार्टी के कई नेता उसे छुड़ाने का प्रयास करते रहे।