दोपहर में एक बजे आराधना देवी(35) अपने दोनों बच्चों की खाना न खाने पर डांट कर पिटाई कर रही थी। मौके पर पहुंची सास ने डांटने से मना कर बच्चों को अगल कर दिया और बच्चों को डांटने पर बहू आराधना देवी को फटकारने लगी। इस पर आराधना ने कमरे में रखी पति की लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर छत पर चली गई और सीढ़ी का दरवाजा बंद कर लिया।
आराधना ने छत पर जाकर सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर बच्चे और सास छत की ओर गए तो दरवाजा बंद मिला। पड़ोसी की मदद से ससुर सूर्य प्रकाश पाठक किसी तरह छत पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ी थी।
आनन-फानन में उसे उपचार के लिए पीएचसी ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पति विनय कुमार ने घर पहुंच कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे एसआई रविंद्र प्रताप सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद के कारण महिला ने घर में रखी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को सिर में गोली मारी है। इससे उसकी मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।