गंगा दशहरा पर रविवार को पतित पावनी में डुबकी लगाने के लिए वाराणसी में श्रद्धालुओं की रेला उमड़ पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन भी चाक चौबंद है वाबजूद इसके गंगा स्नान के लिए गए सिपाही की बाइक चोरी हो गई।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ चौकी पर तैनात सिपाही गोविंद सिंह आज सुबह गंगा दशहरा के अवसर पर गोदौलिया चौराहे पर बाइक खड़ी करके अपनी पत्नी के साथ गंगा स्नान के लिए गया। वापस आने पर उनकी हीरो पैशन प्रो बाइक गायब थी।
काफी खोजबीन के बाद भी जब बाइक नहीं मिली तो सिपाही ने दशाश्वमेध थाने पर गाड़ी चोरी की तहरीर दी है। आम लोगों में यह चर्चा रही कि अगर सिपाही की बाइक ही चोरी हो जा रही है तो आम जनता का क्या होगा।
बता दें कि ज्येष्ठ शुक्ल दशमी गंगा दशहरा पर रविवार को पतित पावनी में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की रेला उमड़ पड़ा। अस्सी से राजघाट के बीच गंगा के तटों पर तिल रखने की जगह नहीं बची। स्नान के बाद गरीबों को वस्त्र, अन्न का दान करने की होड़ मची थी। काशी में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान है।