बनारस क्लब के कमरा नंबर छह में ठहरे छत्तीसगढ़ के अनाज कारोबारी सतीश वैष्णव के डेढ़ लाख रुपये नगदी समेत करीब पांच लाख रुपये के गहने रहस्यमय ढंग से चोरी हो गए। शनिवार की रात यह घटना तब हुई जब सतीश बेटी की सगाई की तैयारियों के सिलसिले में परिवार के साथ खरीदारी करने बाजार गए थे। कमरा लॉक कर चाबी उन्होंने अपने पास ही रखी थी, बावजूद इसके अंदर रखे नगदी-जेवर कैसे गायब हो गए, इसे लेकर पुलिस भी हैरान है। सूचना पर रात में ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं आया। जांच में पता चला कि कमरे के पास लगे दोनों सीसीटीवी कैमरे खराब थे।
छत्तीसगढ़ के राजनन निवासी सतीश वैष्णव शनिवार को परिवार के साथ वाराणसी पहुंचे थे। रविवार को छावनी स्थित एक होटल से उनकी बेटी की सगाई थी। उनके ठहरने के लिए वर पक्ष की तरफ से बनारस क्लब में कमरा नंबर छह और आठ बुक कराया गया था। शनिवार की रात करीब आठ बजे दोनों कमरों को लॉक करने के बाद परिवार के साथ सतीश खरीदारी करने बाजार गए। तीन घंटे बाद लौटे तो पता चला कि कमरा नंबर छह में रखे बैग से 50-50 हजार रुपये की तीन गड्डी (डेढ़ लाख), एक सोने की चेन, हीरे की अंगूठी, चांदी की थाली समेत करीब पांच लाख के गहने चोरी हो गए थे। सूचना के बाद सीओ कैंट राजकुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीओ का कहना है कि बैग में एक लाख रुपये और थे लेकिन वह गायब नहीं हुए। घटना को संदिग्ध मान रही पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश होगा।