वाराणसी में रहने वाले एक युवक की शादी तय हुई तो उसके और परिजनों के मोबाइल पर धमकी भरे फोन आने लगे। फोन करने वाले ने कहा है कि शादी करने का अंजाम बहुत बुरा होगा। जिससे तुम्हारी शादी होने वाली है, मैं उसका प्रेमी हूं। प्रकरण को लेकर गाजीपुर जिले के सैदपुर थाने के खजुरा के मूल निवासी और बदलापुर में एक अपार्टमेंट में रहने वाले वाराणसी के बैंक कर्मी शशि प्रकाश पंकज की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शशि प्रकाश के अनुसार, उनकी शादी चंदौली जिले के नबही गांव की युवती से तय हुई है। उनके मोबाइल पर तीन अक्तूबर को फोन आया कि तुम्हारी होने वाली पत्नी का प्रेमी बोल रहा हूं। इसके बाद फोन करने वाले ने कहा कि अगर उस लड़की से शादी किए तो तुम्हारी भांजी का अपहरण कर उसकी हत्या कर देंगे।
शशि प्रकाश के अनुसार, लगातार आए धमकी भरे फोन से वह और उनका परिवार भयभीत है। उनकी शादी जिस युवती से तय हुई है, उससे जब इस संबंध में उन्होंने पूछा तो वह ऐसे किसी भी युवक के बारे में जानकारी से साफ इंकार कर दी। कैंट थाने की पुलिस के अनुसार, शशि प्रकाश ने तकरीबन 10 नंबर दिए हैं। प्रथमदृष्टया यही प्रतीत हुआ है कि उनके मोबाइल पर इंटरनेट कॉल की गई थी। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।