बीमार छात्रा का इलाज करते डॉक्टर
- फोटो : अमर उजाला
बलिया के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब दर्जनभर छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। छात्राओं को आनन-फानन में पीएचसी खेजुरी में भर्ती कराया गया, जहां पांच छात्राओं की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रथम दृष्टया फूड प्वाजनिंग की बात बताई गई, लेकिन सीएमएस का कहना है कि छात्राओं को वायरल इन्फेक्शन है। खेजुरी थाना क्षेत्र में स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय पंद्रह में गुरुवार की सुबह नाश्ता करने के बाद करीब दर्जनभर छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी, दस्त होने लगी।
इस पर आनन-फानन में सभी को पीएचसी खेजुरी पहुंचाया गया, जहां पांच छात्राओं की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। छात्राओं में अंशु (10), ब्यूटी (12), संध्या (10), अंजली (10) व सिद्धी (13) शामिल हैं।
सभी कक्षा छह की छात्राएं हैं। बच्चियों की हालत खराब होने की सूचना मिलने पर परिवार वाले जिला चिकित्सालय पहुंच गए। उधर, वार्डेन रुचि सिंह का कहना है कि विद्यालय में 90 छात्राएं हैं, सभी को सुबह में नाश्ता के लिए हलुआ दिया गया था।
कुछ छात्राओं को सिर दर्द व बुखार होने पर दवा दिया गया था। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत अधिक खराब होने लगी।