वाराणसी में यूपी एटीएस और वाराणसी पुलिस ने एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया। जिले के शिवपुर थाना अंतर्गत सुभद्रा नगर कॉलोनी से मंगलवार को गलत नाम, मूल निवास स्थान और धर्म बताकर किराये के मकान में रह रहे फर्जी बैंक मैनेजर कामरान रजा उर्फ अविनाश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
कामरान खुद को बैंक मैनेजर बताकर चार युवतियों को शादी का झांसा देकर 31 लाख रुपये ऐंठ चुका था और पांच लाख रुपये लेने की तैयारी में था। वहीं, सुभद्रा नगर के दो लोगों को बैंक से फाइनेंस का झांसा देकर 15 लाख से ज्यादा की चूना लगा चुका था।
लखनऊ से आई एटीएस की टीम और पुलिस ने कामरान के पास से 171810 रुपये, एक लैपटॉप, चार मोबाइल, सोने की चेन, एसबीआई बैंक मैनेजर सहित दर्जनों फर्जी परिचय पत्र व आधार कार्ड बरामद कर धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में तीन अलग-अलग मुकदमे शिवपुर थाने में दर्ज कराकर उसे जेल भेज दिया।
एटीएस की निगाह में था कामरान
कामरान को ले जाते पुलिसकर्मी
बिहार के भागलपुर जिले के ईमादपुर गांव निवासी किसान अंसुल के पांच बेटों में दूसरे नंबर का कामरान रजा (27) बीते सितंबर महीने में बनारस आया। बनारस आने के साथ ही गलत नाम-पता और धर्म बताने के कारण वो एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की निगाह में था।
सबसे पहले उसने गलत नाम-पता और धर्म बताकर खुद को बाबतपुर स्थित एसबीआई का मैनेजर बताते हुए गोदौलिया क्षेत्र में कमरा लिया। अक्तूबर महीने में उसने खुद को अविनाश कुमार सिंह बताते हुए सुभद्रा नगर कॉलोनी निवासी रविशंकर सिंह के यहां नौ हजार रुपये महीने पर किराये का कमरा लिया।
मकान मालिक को उसने एसबीआई मैनेजर का फर्जी परिचय पत्र और फर्जी आधार कार्ड दिया। इसी दौरान पड़ोस के शैलेंद्र कुमार नन्हें से पांच लाख रुपया लिया और कहा कि आपकी कार व जनरेटर अपने बैंक में लगवा देंगे।
पड़ोसी कृपाशंकर सिंह की स्विफ्ट डिजायर कार बैंक में लगवाने के नाम पर फाइनेंस कराया और किसी अन्य को बेच दिया। एटीएस की निगाह इस बीच कामरान की गतिविधियों पर लगातार थी।
युवती की मां खेत बेचकर रुपए देने को तैयार
demo pic
इसी दौरान सामने आया कि आरा निवासी एक युवती से दोस्ती करने के बाद उसने शादी का झांसा दिया और दहेज में 26 लाख रुपये ले लिया। शादी की बात आई तो जल्द करने का आश्वासन देता रहा।
इसके बाद गोदौलिया क्षेत्र में एक एएनएम से उसकी दोस्ती हुई और दोनों शादी करने को तैयार हो गए। इसी बीच कामरान की मुलाकात शिवपुर क्षेत्र की एक युवती से हुई तो उससे नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच शादी की बात तय हुई।
यह सब चल ही रहा था कि चंदौली जिले की एक युवती के ममेरे भाई ने कामरान को बैंक मैनेजर जानकर शादी की बात आगे बढ़ाई। युवती की मां उसे लेकर कामरान के कमरे पर आईं और शादी की बात तय हो गई तो उसका उनके घर आना-जाना शुरू हो गया।
युवती की मां ने घरवालों को बिना बताए कामरान को पांच लाख रुपये दे दिया। दोबारा पांच लाख रुपये कामरान ने चंदौली की युवती की मां से मांगा तो वह खेत बेचकर देने को तैयार हो गई। सर्विलांस की मदद से एटीएस कामरान की गतिविधियों पर निगाह रख रखी थी।
मंगलवार को शिवपुर थानाध्यक्ष पवन उपाध्याय के साथ एटीएस लखनऊ से आई टीम ने कामरान को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि जल्द ही कामरान को पुलिस रिमांड पर लेगी और उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी।