दशाश्वमेध के देवनाथपुरा निवासी अधिवक्ता और चेतगंज के एक दूकानदार से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। अधिवक्ता की शिकायत पर कैंट पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं, चेतगंज पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की। रंगदारी के लिए धमकाए जाने से कारोबारी और उसका परिवार दहशत में है।
दशाश्वमेध क्षेत्र के देवनाथपुरा निवासी अधिवक्ता कुलदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम से लेकर शनिवार दोपहर तक उनके मोबाइल पर कई बार फोन आया कि दो लाख रुपये तुमने नहीं दिए तो तुम्हें उठा लिया जाएगा। पहले तो उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया लेकिन जब यह सिलसिला जारी रहा तो उन्होंने कैंट थाने जाकर तहरीर दी और कार्रवाई की गुहार लगाई। कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अधिवक्ता को आश्वस्त किया है कि जिस नंबर से फोन आया था सर्विलांस की मदद से उसकी तफ्तीश कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
उधर, चेतगंज निवासी मोबाइल शॉप संचालक अवनीश केशरवानी को अलग-अलग नंबरों से फोन कर अलग-अलग बदमाशों के नाम पर पचास हजार रुपये रंगदारी मांगी गई। अवनीश के मुताबिक न देने पर बीते 14 सितंबर को लहुराबीर चौराहे के पास अज्ञात लोगों ने उसकी पिटाई की। मामले की शिकायत चेतगंज थाने पर किए जाने के बावजूद पुलिस ने इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं की। बताते चलें कि चेतगंज क्षेत्र में कुछ छुटभैये किस्म के बदमाश दूकानदारोें को धमकाकर उनसे दस से पचास हजार रुपये तक की अवैध वसूली हर महीने करते हैं। कभी दूकानदार डर के मारे पुलिस के पास तक नहीं पहुंच पाते तो कभी मामला सामने आने पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती।