बुलंदशहर जिले के कुछ नेता और व्यापारियों सहित अन्य जिलों के हाईप्रोफाइल लोगों को इंटरनेट के जरिए धमकी देकर रंगदारी मांगनेवाले एक आरोपी को गुरुवार की सुबह पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जबकि हिरासत में लिए गए तीन अन्य युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादो गांव निवासी सफूद्दीन पुत्र इमामुद्दीन इंटरनेट के जरिए हाईप्रोफाइल लोगों को फोन पर धमकी देकर रंगदारी मांगता था। उसके निशाने पर बड़े नेता, बड़े व्यापारी सहित अन्य लोग थे।
सफूद्दीन ने बुलंदशहर जिले के कई लोगों को फोन कर रुपये न मिलने पर जान मारने की धमकी दी थी। पीड़ितों ने एसपी बुलंदशहर से शिकायत की। क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम की जांच में सफूद्दीन के बारे में जानकारी मिली।
गुरुवार की भोर में टीम ने दीदारगंज पुलिस के साथ सफूद्दीन के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शक के आधार पर पुलिस ने गांव निवासी सद्दाम पुत्र अनवार, नौशाद पुत्र अमरुलरहमान और सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव निवासी पप्पू को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के बाद तीनों को छोड़ दिया गया। जबकि सफूद्दीन के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर टीम उसे अपने साथ लेकर चली गई।