मिर्जामुराद। खजुरी पुलिस चौकी के समीप नेशनल हाईवे दो पर शुक्रवार की सुबह प्रयागराज से वाराणसी की तरफ जा रही कैंट डिपो की रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस के चालक और परिचालक सहित 12 लोगों को चोट आई। बस की ट्रक से टक्कर होते ही सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजवाया।
हादसे में चालक प्रशांत सिंह, परिचालक संतोष सिंह, भदोही के गोपीगंज की मालती दूबे व यशोदी देवी, मध्य प्रदेश के छोटू राना, भिंड के बलवीर पाल, सिंगरौली के आशीष शाह व रघुराई शाह, प्रयागराज के हंडिया के हसन रजा, कानपुर के जमील अहमद व बसीर अहमद और प्रयागराज के बरौत के कमलाशंकर साहू घायल हुए हैं। पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।