मिर्जापुर/राजगढ़। शहर कोतवाली और मड़िहान थाना क्षेत्र में हादसों में सोमवार को एक युवक और किशोर की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए।
बलिया निवासी सुनील शर्मा (32) रेलवे विभाग में ट्रैकमैन था। उसकी ड्यूटी अंडरग्राउंड पुल सतौहा पर लगी थी। सोमवार की सुबह छह बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से लूसा रेलवे स्टेशन आवास पर जा रहा था। इस दौरान मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर सतौहा तिराहे पर ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में पास ही टहल रहे नदीहार के युवक अभिषेक और शिवम सोनी भी घायल हो गए। सभी को सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने ट्रैकमैन को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
दूसरी घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के रमईपट्टी मोहल्ला निवासी हसन (15) पुत्र पप्पू मोहल्ले के संदीप सरोज (14) के साथ रविवार की रात अपाचे बाइक लेकर विसुंदरपुर की ओर घूमने गया था। साढ़े आठ बजे लौटते समय सिविल लाइन जमुनहिया रोड पर मोर्चाघर के पास एक मकान की दीवार से टकरा गया। इसमें दोनों घायल हो गए। लोगों ने दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां सोमवार की सुबह हसन ने दम तोड़ दिया। वह देहात कोतवाली क्षेत्र के आचार्य रामचंद्र शुक्ल इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था।
मिर्जापुर में हादसों में दो की मौत, 3 जख्मी