वाराणसी। राम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में रविवार को आयोजित धर्मसभा में भाग लेने के लिए शनिवार को काशी से सैकड़ों कार्यकर्ता रवाना हुए। विहिप के धर्म प्रसार प्रमुख दिवाकर के नेतृत्व में ये कार्यकर्ता ट्रेन, बस और निजी वाहनों से अयोध्या रवाना हुए हैं। ढोल, मजीरा, जयश्रीराम के उद्घोष के साथ कार्यकर्ता कैंट रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर पहुंचे। जहां से अयोध्या चले गए। मरूधर, गोंडा इंटरसिटी, बरेली, लखनऊ पैसेंजर, कृषक सहित आधा दर्जन ट्रेनों और सैकड़ों बसों से कार्यकर्ता रवाना हुए।
विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता कैंट रेलवे स्टेशन पर आने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में जीआरपी और आरपीएफ के जवान प्लेटफार्म पर तैनात रहे। तिलक, सिर पर भगवा गमछा लपेटे व हाथों में रामनामी झंडा लिए कार्यकर्ता काफी जोश में दिखे। विहिप कार्यकर्ताओं ने कहा कि धर्मसभा के जरिए सरकार पर दबाव बनाएंगे कि राम मंदिर का निर्माण कराएं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि काशी प्रांत के प्रशासनिक जिले काशी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, अमेठी, सुलतानपुर, जौनपुर और गाजीपुर जिलों से कार्यकर्ता अयोध्या पहुंच रहे हैं। सभी जिलों से कार्यकर्ता अपने जिले की संस्कृति के अनुसार झांकी तैयार कर गाजे-बाजे के साथ अयोध्या निकल गए हैं। भगवान शिव का रूप धारण कर कई कार्यकर्ता काशी से गए हैं। विश्व संवाद केंद्र के प्रभारी अंबरीष कुमार ने कहा कि काशी महानगर के विभिन्न इलाकों से 300 बसों से कार्यकर्ता अयोध्या रवाना हुए हैं।