मुंगराबादशाहपुर। मुकदमे मे फाइनल रिपोर्ट के लिए वादी से दस हजार की घूस मांगने वाले मुंगराबादशाहपुर के नायब दरोगा संजीव कुमार को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ धर दबोचा। एंटी करप्शन की इस कार्यवाही से महकमे में खलबली मच गयी। सतहरिया निवासी मिथिलेश पटेल के खिलाफ एक मुकदमा था। मुकदमा मुंगराबादशाहपुर थाने में लिखा गया था। मुकदमे की विवेचना संजीव कुमार कर रहे थे।
वादी के पक्ष मे फाईनल रिपोर्ट लगाने के लिए नायब दरोगा वादी के घर लगातार दस्तक दे रहे थे और दस हजार रुपये मांग रहे थे। थक हार कर वादी ने एंटी करप्शन टीम वाराणसी से संपर्क साधा और संजीव कुमार के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। आज शाम टीम के दरोगा राम सागर, सरोज पांडेय, ओम प्रकाश यादव, सुनील कुमार यादव सतहरिया आ धमके और दो हजार के पांच नोट रंग लगाकर मिथिलेश को दिया। जैसे ही वह संजीव कुमार को पैसा दिया, तुरंत पूरी टीम ने धर दबोचा। एंटी करप्शन की इस कार्यवाही से पुलिस महकमे मे खलबली मच गयी है। देर रात तक पवांरा थाने मे संजीव कुमार के खिलाफ लिखा पढ़ी चल रही थी।