फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी डकैती कांडः अबतक 31 हिरासत में, 47 से पूछताछ, सराफा बाजार में पसरा सन्नाटा

Tue, 11 Apr 2017 12:18 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज से एक और चिह्नित, नौ नहीं दस बदमाशों ने डाली थी डकैती - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
चौक थाने से चंद कदम की दूरी पर ठठेरी बाजार मोड़ स्थित संजय अग्रवाल की सराफा दूकान से दिनदहाड़े साढ़े तीन करोड़ से अधिक के जेवरात लूटने वाले दो डकैतों के स्केच जारी कर दिए गए हैं। साथ ही, ठठेरी बाजार और आसपास की 43 दूकानों से जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की 16 टीमों ने जिले और आसपास से 31 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। 47 अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की गई है।
विज्ञापन


फुटेज के जरिए पता चला है कि वारदात में दस बदमाश शामिल थे। हालांकि पिछले 48 घंटे से वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़ और मऊ के अलावा पश्चिमी यूपी और बिहार के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद भी बदमाशों के बारे में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।


सोमवार को क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीमों ने शहर के दालमंडी और चौक क्षेत्र में कुछ ठिकानों पर दबिश दी। इन दोनों इलाकों के बदमाश और उनके गुर्गे तफ्तीश में लगी टीमों के टॉरगेट पर हैं। सोमवार को ठठेरी बाजार, गोविंदपुरा, नारियल बाजार, छत्तातले, राजादरवाजा सहित आसपास के अन्य इलाकों की करीब 43 दूकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके जरिए कुछ नए तथ्य सामने आए हैं।
विज्ञापन


पता चला है कि दूकान में घुसे छह डकैतों को कवर करने के लिए बाहर गली में चार बदमाश मौजूद थे। जेवरात लूटने के बाद सभी बदमाश पैदल ही भागे थे। इनमें दो बदमाशों के स्केच जारी कर दिए गए हैं। बाकी आठ के स्केच भी तैयार कराए जा रहे हैं।

स्केच और फुटेज के आधार पर सोमवार की देर रात तक क्राइम ब्रांच 19 और एसटीएफ ने 12 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। गाजीपुर, मऊ और आजमगढ़ जिला कारागार में निरुद्ध लूट और डकैती के आरोपियों से भी पूछताछ की गई।

एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सूचनाओें के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में है। 
 

सीसीटीवी फुटेज की छानबीन में कई नए तथ्य सामने आए - फोटो : अमर उजाला
ठठेरी बाजार में सर्राफ संजय की दूकान में डाका डालने वाले बदमाशों को पक्कामहाल की भूलभुलैया वाली गलियों की पूरी जानकारी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते भागने था, इसकी पूरी तैयारी उन्होंने पहले से कर रखी थी। सीसीटीवी फुटेज की छानबीन के जरिए यह बात सामने आई है। साथ ही, कई नए तथ्य पुलिस के हाथ लगे हैं। ठठेरी बाजार गली में वारदात को अंजाम देने के बाद पहले उन्होंने चौक-मैदागिन मार्ग पार किया। फिर गोविंदपुरा की गली में घुसते ही तीन खेमों में बंटकर कुछ राजादरवाजा तो कुछ रेशम कटरा और नारियल बाजार की तरफ निकल गए।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आए तथ्यों के आधार पर क्राइम ब्रांच को आशंका है कि वारदात में इलाके में सक्रिय रहे बदमाशों और उनके गुर्गों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके पीछे तर्क है कि बिना किसी स्थानीय की मदद से बाहरी बदमाशों को गलियों के रास्ते की इतनी पक्की जानकारी नहीं हो सकती। क्राइम ब्रांच को यह भी आशंका है कि तीन अलग-अलग रास्तों से भागने वाले बदमाश बाद में दालमंडी की ही किसी गली में मिले। वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए इस इलाके में दखल रखने वाले बदमाश पुलिस के रडार पर हैं।
--------
गाजीपुर, मऊ और आजमगढ़ जेल में हुई पूछताछ
वाराणसी जिला कारागार के बाद सोमवार को तीन पुलिस टीमोें ने गाजीपुर, मऊ और आजमगढ़ की जेल में निरुद्ध बदमाशों से पूछताछ की। बता देें कि महमूरगंज में कैश वैन से वर्ष 2011 में हुई 59 लाख की डकैती का आरोपी सोनू सिंह इन दिनों गाजीपुर जेल में निरुद्ध है। इसी तरह लूट, डकैती और छिनैती के कई अन्य आरोपी बदमाश इन जेलों में हैं।
विज्ञापन

व्यापारियों में उबाल, सराफा मंडी बंद

चौक की ठठेरी बाजार गली स्थित सराफा कारोबारी संजय अग्रवाल की दूकान में करोड़ों की डकैती का पर्दाफाश न होने से व्यापारियों में उबाल आ गया है। सोमवार को सराफा मंडी बंद रखते हुए व्यापारियों ने डकैतों की जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए माल की बरामदगी नहीं होने पर बनारस बंद की चेतावनी दी।

सुड़िया में काशी सराफा मंडल की इस मसले पर हुई बैठक में कई अन्य व्यापारी संगठन भी शामिल हुए। व्यापारियों की सुरक्षा के सवाल पर एकजुट आवाज बुलंद की। कहा कि जरूरत पड़ी तो व्यापारी समाज अपनी दूकानों, प्रतिष्ठानों को बंद रखकर सड़कों पर उतरेगा। पूर्वांचल की सबसे बड़ी सराफा मंडी बंद होने से करोड़ों का कारोबार भी प्रभावित हुआ।

सराफा सुड़िया न्यास भवन में जुटे व्यापारियों ने पुलिस-प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस की सुस्ती के चलते अपराधी बेखौफ हो गए हैं। व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े डकैती की घटना होने से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल पैदा हुआ है।

पुलिस-प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द डकैतों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवरात की बरामदगी करे। साथ ही, सभी प्रमुख मंडियों और बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। इस दौरान सराफा मंडी की सुड़िया, रेशम कटरा और ठठेरी बाजार स्थित सभी दूकानें बंद रहीं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें