अहरौरा (मिर्जापुर)। नगर क्षेत्र के एक मुहल्ले में रविवार दोपहर छह वर्षीय बच्ची के साथ किशोर ने दुराचार किया। खून से लथपथ मासूम घर पहुंची, तब उसकी मां को जानकारी हुई। उसकी हालत गंभीर देखकर निजी चिकित्सालय से जिला महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। मां की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार की सुबह दुराचार का केस दर्ज कर किशोर को पकड़ लिया।
बच्ची रविवार की दोपहर दो बजे घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान किशोर बच्ची को बहला-फुसला कर घर ले गया। आरोप है कि किशोर ने कपड़ा से मुंह दबाकर उसके साथ दुराचार किया। इससे मासूम बेहोश हो गई। कुछ देर बाद होश में आने पर खून से लथपथ बच्ची घर पहुंची। पीड़ित ने मां को बताया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित के पिता उस समय घर पर नहीं थे। उन्हें जानकारी देने के बाद मां ने मासूम को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे सोमवार सुबह जिला महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। परिवार के लोगों ने रात में आरोपी किशोर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार की सुबह दुराचार का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया।
एसपी आशीष तिवारी ने बताया कि अहरौरा में बालिका के साथ दुराचार करने के मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।