ज्ञानपुर। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर औराई थाने से महज डेढ़ किलोमीटर दूर ढाबे पर युवतियों-महिलाओं के देह व्यापार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने छापेमारी की लेकिन ढाबा संचालक युवतियों के साथ फरार हो गया।
औराई थाना क्षेत्र में हाईवे की दक्षिणी पटरी पर एक ढाबा है। ढाबे पर भोजन तो छोड़िए, चाय तक नहीं मिलती है। मंगलवार को ग्राहक बनकर गए कुछ लोगों को ढाबे पर दो पुरुष और दो महिलाएं मिलीं। बातचीत में पता चला कि यहां एक नेटवर्क काम करता है। नेटवर्क के तार सोनभद्र, वाराणसी और प्रयागराज से जुड़े हैं। यहां के ग्राहक ट्रक चालक और गाहे-बगाहे पहुंचने वाले यात्री रहते हैं। मौके पर मौजूद युवती ने जगह और लड़की दिखाने के लिए एडवांस मांगा। साथ ही कमरा भी दिखाया।
यह जानकारी मिलने पर एसपी राजेश एस ने कार्रवाई का निर्देश दिया। औराई सीओ रामकरन ने महिला पुलिस के साथ छापेमारी की। सीओ ने बताया कि दिहाड़ी मजदूरी करने वाली एक महिला मौके पर मिली है। इसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। ढाबा मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।
------
कहीं खाकी की शह तो नहीं
ढाबे पर बैठे युवती के एजेंट से पुलिस के डर की बात कही गई तो उसने साफ कहा कि बेफिक्र रहिए, यहां कोई नहीं आएगा। आप जहां चाहेंगे, वहां लड़की पहुंचा दी जाएगी। इससे आशंका जताई जा रही है कि धंधे को पुलिस की शह तो नहीं है। यहां दो शिफ्ट सुबह नौ बजे से छह बजे तक और फिर रात्रि आठ बजे से देर रात तक यह काम होना बताया जाता है। लड़कियां और युवतियां भी बाहर से आती हैं।