गाजीपुर। बिहार से आने वाले ओवरलोड वाहनों को सुविधा शुल्क लेकर पास कराने की शिकायत मिलने पर रविवार रात चलाए गए चेकिंग अभियान में बालू और गिट्टी लदे 33 ओवरलोड ट्रक सीज कर दिए गए। अभियान के चलते भदौरा से देवल, कर्मनाशा पुल पार बिहार की सड़कों पर चालकों ने जहां-तहां बड़ी संख्या में ट्रक खड़े कर दिए।
बिहार से आने वाले कोयला और बालू लदे ओवरलोड वाहनों के ताड़ीघाट-बारा, देवल-भदौरा, देवल-दिलदारनगर मार्ग से जाने की शिकायत मिल रही थी। डीएम और एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने रविवार रात ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इसमें गहमर और दिलदारनगर थानाक्षेत्र तथा जमानिया कोतवाली क्षेत्र में बालू और गिट्टी लदे 33 ओवरलोड ट्रक सीज कर दिए गए। अभियान की जानकारी होते ही खलबली मच गई और चालकों ने रात में भदौरा से देवल, कर्मनाशा पुल पार बिहार की सड़कों पर जहां-तहां ट्रक खड़े कर दिए। सोमवार को जब चेकिंग अभियान समाप्त हुआ, तो चालक ट्रक लेकर रवाना हुए। इस संबंध में जमानिया सीओ आरबी सिंह ने कहा कि बिहार से अवैध रूप से लाल बालू लेकर गाजीपुर की तरफ जा रहे ट्रक चालकों से जब कागजात की मांग की गई तो वे नहीं दिखा सके। इस पर वाहन सीज कर दिए गए।