वाराणसी। ऑपरेशन ऑल आउट अभियान के तहत सोमवार की सुबह एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और बीट आरक्षियों को चेकिंग का निर्देश दिया था। एसएसपी के निर्देश के बावजूद कुछ दरोगा और सिपाही चेकिंग छोड़ कर छांव में आराम कर रहे थे। लापरवाही बरतने के आरोप में चार दरोगा और छह सिपाहियों को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि एफसीआई चौराहा पर मंडुवाडीह थाने के दरोगा भगवान मिश्र और कांस्टेबल सुनील कुमार व बृजेश कुमार यादव चेकिंग न करके छांव में खड़े थे। भेलूपुर थाने पर तैनात दरोगा सत्येंद्र कुमार, बरदानी लाल व मोहित वर्मा, हेड कांस्टेबल याशीन खान और सिपाही बरखू राम रेवड़ी तालाब चौराहा पर चेकिंग न करके छांव में खड़े होकर आराम कर रहे थे। इसके अलावा सिगरा थाने पर नियुक्त हेड मुहर्रिर गोरखनाथ पांडेय और सिपाही सुधीर सिंह ने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती। इन सभी दरोगा और सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उधर, चेकिंग के दौरान चौबेपुर पुलिस ने कैथी चौराहा के समीप से गैंगेस्टर एक्ट के तहत वांछित गाजीपुर जिले के सैदपुर निवासी मोहम्मद अरमान अली को गिरफ्तार किया।