फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में क्राइम की खबरें: सपा नेता समेत दो पर एफआईआर, शॉर्ट सर्किट से तीन मंजिला मकान में लगी आग

Mon, 26 Oct 2026 05:32 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

दालमंडी में रोक के बाद भी निर्माण के आरोप में सपा नेता समेत दो पर प्राथमिकी दर्ज की गई। उधर, मच्छोदरी में सलेमपुरा इलाके में स्कूटी चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट से तीन मंजिला मकान में आग लग गई। पढ़ें- अन्य खबरें
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चौक थाना क्षेत्र के दालमंडी के चाहमहमल में न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कराने और संपत्ति पर कब्जा करने के आरोप में सपा नेता इमरान अहमद उर्फ बबलू समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। भवन स्वामी मोहम्मद वसीम की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

विज्ञापन


मोहम्मद वसीम के मुताबिक चाहमहमल, दालमंडी में मकान में उनका आधा हिस्सा है। संपत्ति को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है। आरोप है कि इस मामले में न्यायालय ने संपत्ति पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। वसीम का आरोप है कि इसके बावजूद इमरान अहमद और सवाब अहमद ने मकान के बचे हुए जर्जर हिस्से में पीडब्ल्यूडी के लाल निशान के पास लगे पुराने शटर को हटाकर नया शटर लगवा दिया और ताला बंद कर कब्जा कर लिया। 

पीड़ित के अनुसार, यह हिस्सा पहले विधिक कार्रवाई के तहत अधिग्रहित और ध्वस्त किए गए हिस्से के बाद बचा हुआ है। वसीम ने तहरीर में बताया कि उन्होंने 20 सितंबर को डायल 112 और चौक थाने में शिकायत की थी। आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। 22 अक्तूबर की रात दोबारा निर्माण कराकर बांस-बल्ली लगाई गई और एक के स्थान पर दो नए शटर लगा दिए गए। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


स्कूटी चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट से तीन मंजिला मकान में लगी आग
आदमपुर थाना क्षेत्र के मच्छोदरी में सलेमपुरा इलाके में रविवार दोपहर स्कूटी चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट से तीन मंजिला मकान में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देख घर में मौजूद शिक्षक मिस्टर खान, उनकी पत्नी और दो बच्चे घबरा गए। चारों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग लगने की जानकारी होते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अग्निशमन यंत्र व पानी की मदद से आग बुझाने में जुट गए। कुछ देर में आग पर काबू पा लिया गया।

आग से दो स्कूटी, प्लास्टिक की कुर्सियां, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। मिस्टर खान के मुताबिक, घटना में दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मकान सकरी गली के अंदर होने के कारण दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। ऐसे में स्थानीय लोग आग बुझाने में जुटे रहे। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आग बुझा दी गई थी। 

Trending Videos

हनुमानगढ़ी घाट पर मिला युवक का शव
कोतवाली थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी घाट पर रविवार को गंगा नदी में 25 साल के युवक का शव मिला। शव दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने बताया कि शव की सूचना पर कालभैरव क्षेत्र के कुछ लोग मंडलीय अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, शव फूल जाने के कारण पहचान नहीं हो सकी। पुलिस शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।  

पत्नी से विवाद के बाद होटल की छत पर चढ़ा युवक, घंटों हंगामा
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर के एक होटल में रविवार सुबह पत्नी से विवाद के बाद एक युवक आत्महत्या की नीयत से छत पर चढ़ गया। हंगामा करने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पीआरवी और अर्दली बाजार चौकी पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा।

पुलिस युवक को कैंट थाने ले गई और परिजनों को सूचना दी। बाद में परिजनों के आग्रह पर उसे सौंप दिया गया। युवक की पहचान अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र का निवासी है। करीब दस महीने पहले उसने सिकरौल निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। एमबीए करने के बाद नौकरी नहीं मिलने के कारण दंपती के बीच अकसर विवाद होता था। पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद मामला मध्यस्थता केंद्र भेजा गया था।

शनिवार को मध्यस्थता की प्रक्रिया विफल होने के बाद युवक तनाव में था। रविवार सुबह आठ बजे वह होटल की छत पर चढ़ गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। उसे काफी समझाया गया। काउंसिलिंग भी कराने की सलाह दी गई है।

चेचिस नंबर बदलकर ई-रिक्शा बेचने का आरोप, प्राथमिकी
नदेसर के शक्ति मोटर्स पर चेचिस नंबर बदलकर ई-रिक्शा बेचने, फर्जी पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) देने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर कैंट थाने में शक्ति मोटर्स के प्रोपराइटर प्रतीक सर्राफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई।

चेतगंज के हबीबपुरा निवासी दीपक कुमार गुप्ता के अनुसार, उन्होंने 16 दिसंबर 2025 को प्रतीक सर्राफ से 1.80 लाख रुपये में नोवा कंपनी का ई-रिक्शा खरीदा था। इसके लिए 80 हजार रुपये नकद दिए थे, जबकि शेष रकम अकासा फाइनेंस के माध्यम से फाइनेंस कराई गई थी। इसकी मासिक किस्त 7,438 रुपये निर्धारित की गई थी। आरोप है कि कई महीने बीतने के बाद भी उन्हें ई-रिक्शा की मूल आरसी नहीं दी गई। बाद में उन्हें यूपी नंबर की आरसी थमा दी गई। दीपक का दावा है कि जांच कराने पर पता चला कि उक्त आरसी का परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में कोई विवरण नहीं है। उन्होंने चेचिस नंबर बदलने का भी आरोप लगाया है।

पीड़ित के मुताबिक, इस संबंध में विरोध करने पर उनके घर लोगों को भेजकर किस्त वसूली का दबाव बनाया गया। साथ ही गाली-गलौज कर धमकी भी दी। उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। 

पीएम के आगमन से एक दिन पहले नमोघाट से पकड़ा गया फर्जी कैप्टन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले नमोघाट पर खुद को सेना का कैप्टन बताकर घूम रहे अर्पित चतुर्वेदी को पुलिस ने पकड़ लिया। शनिवार को एयर शो के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच युवक अतिसंवेदनशील हेलिपैड तक पहुंच गया था। सेना में कैप्टन की पुष्टि नहीं होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आईबी और एयरफोर्स की खुफिया इकाइयों ने भी उससे पूछताछ की। बाद में पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया। 

आदमपुर थाने में नमोघाट चौकी प्रभारी चंदन कुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, 24 अक्तूबर को नमोघाट हेलिपैड पर ड्यूटी कर रहे सेना के जवानों ने एक संदिग्ध युवक के वहां घूमने और खुद को कैप्टन बताने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस, आईबी, एलआईयू और एयरफोर्स के अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में ले लिया। 

युवक को पूछताछ के लिए कमिश्नरेट के एक अधिकारी के कार्यालय ले जाया गया। वहां आईबी और एयरफोर्स की खुफिया इकाइयों ने पूछताछ की। युवक ने अपना नाम कैप्टन अर्पित बताते हुए कैंट थाना क्षेत्र के जदीद बाजार पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास का पता बताया। पुलिस ने उसके पते का सत्यापन कराया तो सेना में कैप्टन के पद पर तैनाती की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद उसकी पहचान अर्पित चतुर्वेदी के रूप में हुई। 

जांच में सामने आया कि उसके पिता पैथोलॉजी सेंटर चलाते हैं और वह मूल रूप से नदेसर का रहने वाला है। नमोघाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो और प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के लिए घाट को अलग-अलग जोन में बांटा गया था। हेलिपैड को अतिसंवेदनशील क्षेत्र में रखा गया था। बावजूद युवक वहां तक पहुंच गया। बातचीत के दौरान संदेह होने पर सेना के जवानों ने उसे पकड़ लिया। 
विज्ञापन

दो भाइयों में मारपीट
सिंधौरा थाना क्षेत्र के छताव गांव में रविवार सुबह रंजिश को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि एक भाई ने पत्नी के साथ मिलकर दूसरे भाई और उसकी पत्नी पर लाठी से हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए। छताव गांव निवासी प्रमोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह सात बजे उनके भाई राजकुमार मिश्रा घर पर आकर गाली देने लगे। विरोध करने पर राजकुमार और उनकी पत्नी खुशबू मिश्रा ने लाठी से हमला किया। आरोप है कि प्रमोद के सिर में चोट आई, जबकि उनकी पत्नी बबीता को भी चोटें लगीं। शोर सुनकर लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

12 दिन से किशोरी लापता, पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई
सिंधौरा थाना क्षेत्र निवासी किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। पिता के मुताबिक, उनकी बेटी 12 अक्तूबर को घर के किसी काम से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों, पड़ोस और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किशोरी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। 
  
नशे में धुत ऑटो चालक ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, गंभीर
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर में नशे में धुत ऑटो चालक ने पैदल जा रहीं दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ऑटो नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शिवपुर निवासी आशीष गुप्ता के अनुसार, आकांक्षा गुप्ता और प्रिया गुप्ता शुक्रवार रात आठ बजे भोजूबीर में पैदल जा रही थीं। तेज रफ्तार ऑटो चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों उछलकर डिवाइडर पर जा गिरीं। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि ऑटो के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें