एसपी अभिषेक वर्मा ने बुधवार की दोपहर बाद पुलिस लाइन में आरोपी की गिरफ्तारी का खुलासा किया। बताया कि मई 2026 में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के गोरडीहा निवासी सोनू ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
बताया था कि नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसके गांव के रहने वाले अनुपम सिंह और प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र के नेवढि़या निवासी सौरभ सिंह ने वर्ष 2024 में उसका आधार-पैन कार्ड लिया और उसके जरिये बैंक में खाता खोलवाकर लाखों की साइबर ठगी की।
पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र सहित अन्य बैंकों में बड़ी संख्या में म्यूल खाते खोलवाकर साइबर ठगी की जा रही है। संबंधित बैंक खातों से महज सोनभद्र में 36 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन पाया गया है। वहीं इन खातों के खिलाफ 200 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें मिली। जो शिकायतें और जानकारियां सामने आई हैं, उसके आधार पर यह माना जा रहा है इस गिरोह ने भारत भर में 100 करोड़ से भी अधिक की साइबर ठगी की है।
इन तरीकों से की जाती थी ठगी
ठगी के लिए विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाए जाते थे और उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय गिरोह को सौंपा जाता था। इसके बाद शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन निवेश और अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से ठगी कर धनराशि संबंधित खातों में मंगवाई जाती थी। ऑनलाइन गेमिंग, निवेश, ऑनलाइन खरीदारी और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी लोगों के साथ धोखाधड़ी की जाती थी।
पूछताछ में आरोपी के बड़े अंतरराष्ट्रीय लिंकेज का खुलासा हुआ है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाते खोलवाकर धोखाधड़ी की शिकायत की जांच में कई मामले उजागर हुए। महज सोनभद्र में वर्ष 2024 में खोलवाए गए खातों के जरिये 37 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन पाया गया। इन खातों पर 200 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें मिली हैं। कुल ठगी की धनराशि जोड़ने पर यह आंकड़ा 100 करोड़ से अधिक जा रहा है। इस गिरोह का संबंध फर्जी पासपोर्ट-वीजा तैयार कर लोगों के विदेश भेजने से भी पाया गया है। सामने आए तथ्यों की विस्तृत जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई है। - अभिषेक वर्मा, एसपी।