फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रकों से अवैध वसूली करा रहे दो सिपाही सहित चार पर मुकदमा

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। लहरतारा में पिकेट ड्यूटी पर तैनात दो सिपाही ट्रकों से अवैध वसूली करा रहे थे। भोर में भ्रमण पर निकले एसएसपी ने पैसा वसूल रहे एक युवक को पकड़ा तो भेद खुला। मामले में मंडुवाडीह थाने के सिपाही बलवंत कुमार व तेजबहादुर यादव, पैसा वसूल रहे बौलिया निवासी प्रभाकर राय और एक अज्ञात के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभाकर को जेल भेज दिया गया है। वहीं, सिपाही बलवंत को गिरफ्तार कर हेड कांस्टेबल तेज बहादुर की तलाश की जा रही है। दोनों को निलंबित कर एसपी ट्रैफिक को जांच सौंपी गई है।
विज्ञापन

अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के मद्देनजर एसएसपी अमित पाठक बुधवार की सुबह चार बजे जिले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और फोर्स की मुस्तैदी चेक करने निकले थे। लहरतारा में जाम लगा देखकर एसएसपी अपने वाहन से नीचे उतरे और ट्रकों से पैसा वसूल रहे प्रभाकर राय को दौड़ाकर पकड़ लिया। प्रभाकर से पूछताछ शुरू हुई तो उसने बताया कि मंडुवाडीह थाने के तीन-चार सिपाहियों के कहने पर वह उनके लिए अवैध वसूली करता है। प्रभाकर ने सिपाही बलवंत और तेजबहादुर का नाम बताया। साथ ही कहा कि अन्य सिपाहियों को वह चेहरे से पहचानता है, लेकिन नाम नहीं जानता है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि प्रकरण में मंडुवाडीह थाना प्रभारी और लहरतारा चौकी इंचार्ज की भूमिका की जांच कराई जा रही है। दोनों अपने दायित्व का निर्वहन सही तरीके से करते हुए नहीं प्रतीत हो रहे हैं। अवैध वसूली में जो भी संलिप्त होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
-----------
पांच हजार की वसूली होती है, मिलते हैं 500
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर के मूल निवासी प्रभाकर ने पूछताछ में बताया कि पहले वह एक बाइक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। कुछ माह पहले वह सिपाही तेजबहादुर के संपर्क में आया तो उसने कहा कि रात में हमारे लिए ट्रकों से वसूली करो और अच्छा पैसा कमाओ। प्रभाकर ने बताया कि नो एंट्री खुलने पर आधी रात के बाद से वसूली शुरू की जाती है। रात भर में चार-पांच हजार रुपये की वसूली हो जाती है। इसका 10 प्रतिशत यानी चार से पांच सौ रुपये उसे मिलते थे।
विज्ञापन

----------
कई जगह होती है वसूली, एसएसपी की टीम करेगी जांच
प्रभाकर ने पुलिस को बताया कि उसने सिपाहियों की बातचीत के दौरान सुना था कि रोजाना आधी रात बाद चांदपुर, मोहनसराय, अमरा अखरी चौराहा, डाफी, टेंगरा मोड़, शिवपुर सहित कुछ अन्य जगह भी मालवाहक वाहनों से वसूली होती है। अब एसएसपी की गोपनीय टीम सादे कपड़ों में प्राइवेट वाहन से रोजाना अलग-अलग स्थानों का औचक निरीक्षण करेगी। अवैध वसूली करते हुए जो भी पकड़ा जाएगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें