लहिया भतसार गांव में शुक्रवार को झोपड़ी पर बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गयी और तीन महिलाएं झुलस गई। तीनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। झुलसी महिलाओं में से एक की हालत गंभीर है। मामला एक ही परिवार का होने के कारण परिजनों के साथ ही ग्रामीणों में कोहराम मचा हुआ है।
जंसा थाना अंतर्गत लहिया भतसार गांव निवासी किसान सुरेंद्र कुमार पटेल के खेत में धान की रोपाई करने के लिए परिवार की महिलाएं गई थीं। महिलाएं धान की रोपाई कर रही थी, उसी समय बारिश होने लगी। इस वजह से रोपाई कर रही महिलाएं समीप की ही एक झोपड़ी में बैठ गईं। इसी दौरान अचानक बिजली गिरी। इसके चलते प्रमिला पटेल (37), हीरावती पटेल (55), फूलपती पटेल (42) और तारा देवी (35) झुलस गयी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को एक स्थानीय अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र के बड़े भाई राजेश पटेल की पत्नी प्रमिला पटेल को मृत घोषित कर दिया। झुलसी महिलाओं में से सुरेंद्र की पत्नी हीरावती देवी की हालत गंभीर बताई गई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह ने उप जिलाधिकारी राजातालाब को घटना की जानकारी दी। उप जिलाधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार को दैवी आपदा राहत राशि दी जाएगी। उधर, घटना की जानकारी पाकर रोहनिया विधानसभा के विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह भी मौके पर पहुंचे।