वाराणसी। चौकाघाट स्थित हेरिटेज लॉन में शादी समारोह में शहर के 100 से ज्यादा रसूखदारों के जुटने और दो युवकों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जैतपुरा थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लॉन में लगे सीसी कैमरे की फुटेज को मांगा है। सीसी फुटेज से सभी को चिह्नित कर उन्हें पुलिस नोटिस भेजेगी। पूछेगी कि कोरोना वायरस के संक्रमण के बावजूद आखिरकार सोशल डिस्टेंसिंग और प्रशासन की शर्तों का उल्लंघन क्यों किया गया।
भेलूपुर थाना अंतर्गत रवींद्रपुरी कॉलोनी निवासी राकेश गोयल का चौकाघाट में हेरिटेज लॉन है। चौकाघाट चौकी प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव के अनुसार, बीते 15 जून को हेरिटेज लॉन में सिगरा थाना अंतर्गत कालिया नगर निवासी विनोद जिंदल के बेटे की शादी थी। इस शादी में प्रशासन की तय शर्तों का उल्लंघन कर शहर के सौ से ज्यादा मानिंद लोगों को बुलाया गया था। इस दौरान नेपाली कोठी, वरुणा पुल निवासी कैटरर नवल किशोर कठेरिया ने भी लॉकडाउन का उल्लंघन किया। इस बीच सामने आया कि शादी समारोह में शामिल एक उद्यमी और एक व्यापारी का बेटा कोरोना पॉजिटिव हैं। इसे देखते हुए आननफानन में लॉन मालिक, शादी के आयोजक और कैटरर के खिलाफ पुलिस की ओर से जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इस संबंध में सीओ चेतगंज अनिल कुमार ने बताया कि लॉन के सीसी कैमरे का फुटेज मांगा गया है। इंस्पेक्टर जैतपुरा को कहा गया है कि साक्ष्य और तथ्य एकत्रित कर प्रकरण में ठोस कार्रवाई करें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
10 दिन चुप्पी साधे रही पुलिस, आधी रात बाद गुपचुप मुकदमा
कोरोना काल में हेरिटेज लॉन में शहर के 100 से ज्यादा रसूखदार लोग शादी में शामिल हुए। रसूखदारों की ऊंची पहुंच को देखते हुए जैतपुरा इंस्पेक्टर शशिभूषण राय और चौकाघाट चौकी इंचार्ज दिलीप श्रीवास्तव लॉकडाउन का उल्लंघन होने पर भी कोई कार्रवाई नहीं किए और चुपचाप बैठे रहे। 10 दिन बाद जब उन्हें पता लगा कि शादी में शामिल दो युवक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं तो गुरुवार की आधी रात बाद गुपचुप मुकदमा दर्ज कर लिए। स्थानीय लोगों का कहना था कि यही मामला यदि आम आदमी से जुड़ा होता तो पुलिस लाठी पटककर सबको भगा देती और तत्काल मुकदमा अलग से दर्ज करती। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस की इस लापरवाही के लिए उच्चाधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए।
अब तक लॉन न सील हुआ, न किया गया सैनिटाइज
शादी समारोह में सम्मिलित दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सीएमओ डॉ. बीपी सिंह के द्वारा 15 लोगों को होम क्वारंटीन के लिए कहा गया है। वहीं, शादी समारोह में शामिल होने के बाद शहर के रसूखदार लोग सहमे हुए हैं। दूसरी ओर, लापरवाही की हद ऐसी है कि अब तक लॉन को पुलिस के द्वारा न तो सील किया गया है और न ही सैनिटाइज किया गया है। लॉन के आसपास रहने वालों का कहना है कि अभी कई लोगों ने इसे शादी के लिए बुक किया है। यदि लॉन को बिना सैनिटाइज किए बिना ही अन्य लोग वहां आते हैं, तो वह भी कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं।