बनारस रेल इंजन कारखाने में खेल संघ की ओर से रविवार को परिसर स्थित बरेका स्टेडियम में मैत्री क्रिकेट खेला गया। संरक्षक एकादश ने कप्तान महाप्रबंधक बरेका सोमेश कुमार की आक्रामक 32 गेंद पर 44 रन की पारी से अध्यक्ष एकादश को छह विकेट से हरा दिया। मैच में संरक्षक एकादश ने केवल 12.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अध्यक्ष एकादश की टीम के कप्तान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संघ सुशील श्रीवास्तव के नेतृत्व में 15 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाए। टीम के वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक संतोष सिंह ने 26, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक अभिषेक पांडेय ने 19 और एसके श्रीवास्तव ने 17 रन बनाए।
गेंदबाजी में संरक्षक एकादश के उप मुख्य विद्युत इंजीनियर नीरज सिंह ने 2 विकेट, सीएमई एसबी पटेल और सहायक सामग्री प्रबंधक आनंद वार्ष्णेय ने एक-एक विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी संरक्षक एकादश ने कप्तान महाप्रबंधक बरेका सोमेश की शानदार बल्लेबाजी कर मात्र 12.3 ओवरों में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
टीम के सुनील कुमार ने नाबाद 45 रन की पारी खेली। उनके अलावा एसबी पटेल ने 16 और नीरज सिंह ने 13 रनों का योगदान दिया। अध्यक्ष एकादश की ओर से गेंदबाजी में संतोष सिंह और उप मुख्य इंजीनियर साकेत ने 2-2 विकेट लिए।
इन्होंने जीते पुरस्कार
क्रिकेट प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। जनसंपर्क अधिकारी राजेश ने बताया कि मैन ऑफ द मैच संरक्षण एकादश के सुनील रहे। बेस्ट बैटर एसके सिंह, बेस्ट बॉलर महाप्रबंधक बरेका सोमेश कुमार, बेस्ट फील्डर राहुल यादव, बेस्ट ऑलराउंडर नीरज सिंह को चुना गया।