फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्रिकेट : एलएलसी टेन-10 के लिए तीन राज्यों के 500 क्रिकेटरों ने दिया ट्रायल; पढ़ें खेल की अन्य खबरें

Thu, 16 Jan 2025 07:04 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Sports News : वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर निजी संस्थाओं ने खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया। क्रिकेट, हैंडबाॅल सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में ट्रायल देते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फरवरी महीने में लखनऊ में होने वाली टेनिस बाॅल क्रिकेट प्रतियोगिता एलएलसी टेन-10 के लिए बुधवार को बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में चयन ट्रायल हुआ। इसमें तीन राज्य यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के 500 से अधिक क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया।

विज्ञापन


अमर उजाला और लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) की ओर से आयोजित एलएलसी टेन-10 क्रिकेट प्रतियोगिता में युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। इस लीग में युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के बड़े अवसर दिए जा रहे हैं। 

ट्रायल क्वालीफाई होने पर नीलामी के लिए चुने गए खिलाड़ियों का बेस प्राइज 25 हजार रुपये होगा, लीग खेलने वाले खिलाड़ी को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर ट्रायल देने का मौका मिलेगा। लीग के उत्कृष्ट 9 खिलाड़ियों को एथर इलेक्ट्रिक बाइक इनाम में दी जाएगी। 
विज्ञापन


मैन ऑफ द सीरीज को एक कार पुरस्कार के रूप में मिलेगी। विजेती टीम को 10 लाख और उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। यानी प्रतिभावान खिलाड़ियों को लीग से नाम कमाने के साथ-साथ कार, बाइक और कैश प्राइज जीतने भी मौका मिलेगा।

कुल 12 टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में वाराणसी सहित कुल 12 टीमें आगरा, नोएडा, झांसी, बरेली, कानपुर, मुरादाबाद, लखनऊ से दो टीम, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद की टीम हिस्सा लेंगी। 

सुनें इनकी
कंपनी लगातार खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। हमने हमेशा से युवाओं की प्रतिभा को ध्यान में रखते हुए कई खेलों में युवाओं को प्रेरित किया है। इसी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए उत्कर्ष इस टेनिस बॉल क्रिकेट लीग को प्रमोट कर रहा है। जिसमें हम उत्तर प्रदेश के युवाओं का टीम से जुड़ने के लिए आह्वान करते हैं। - सुमन सौरभ, सीईओ और प्रबंध निदेशक, उत्कर्ष कोरेलवेस्ट लिमिटेड

खेल प्रतियोगिता 18 को
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत 18 जनवरी को पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज में खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया है। इसमें दिव्यांग विद्यार्थी भाग लेंगे। 

जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि जिले के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों के प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए यह प्रतियोगिता होगी। इसमें निबंध, चित्रकला, एकल गायन, सामूहिक गायन, समूह नृत्य, एकल नृत्य, कुर्सी दौड़, चम्मच बाल खेल, रस्साकसी, छू कर पहचानो और जलेबी दौड़ प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अभी तक 87 खिलाड़ियों की सूची स्कूलों से आई है। इच्छुक दिव्यांग विद्यार्थी अपने विद्यालय से संपर्क कर प्रतियाेगिता में हिस्सा ले सकते हैं। 

प्रदेश स्तरीय कुश्ती के लिए पहलवानों का होगा चयन
गोरखपुर में 27 से 29 जनवरी को होने वाली प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिला और मंडलीय पहलवानों का चयन 20 और 21 जनवरी को सिगरा स्टेडियम में होगा। 

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खेल विभाग और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से होने वाली प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। इसके लिए पहलवानों का चयन खेलो इंडिया केंद्र के प्रशिक्षक गोरख यादव की निगरानी में किया जाएगा। फ्रीस्टाइल का वजन 57 से 125 किलो तक और ग्रीको रोमन के लिए 55 से 130 किलो तक होगा। पहलवानों का वजन सुबह नौ बजे से शुरू होगा। 

केंद्रीय तिब्बती शिक्षा संस्थान में बाॅस्केटबाॅल खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
संगेय और रिंचिंग के 14-14 गोल से बीएड की टीम विजयी
सारनाथ के केंद्रीय तिब्बती शिक्षा संस्थान में बुधवार को अंतर विभागीय बास्केटबाॅल प्रतियोगिता के चार मैच हुए। इसमें पुरुषों के तीन और महिलाओं का एक लीग मैच हुआ। पहला मुकाबला बीएड प्रथम और बीएड द्वितीय के विद्यार्थियों की टीम के बीच हुआ।

बीएड प्रथम वर्ष की टीम ने बीएड द्वितीय टीम को 48-34 के स्कोर से परास्त कर अगले चक्र में पहुंच गई। जिसमें बीएड द्वितीय के संगेय और रिंचिंग शानदार प्रदर्शन कर 14-14 गोल किए। 

लीग का दूसरा मैच महिला वर्ग का उत्तर मध्यमा प्रथम आचार्य द्वितीय के बीच हुआ। इस मुकाबले में उत्तर मध्यमा टीम के तेजिंग डाकेर के आठ गोल की बदौलत टीम को 10-2 के स्कोर से जीत दिलाई। लीग का तीसरा मुकाबला पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष और उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष के बीच हुआ। 

इसमें उत्तर मध्यमा टीम के नगवांग धरगेय के 16 गोल की बदौलत टीम 48-10 के स्कोर से विजयी हुई। लीग का चौथा मुकाबला आचार्य कंबाइंड और उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष के खिलाड़ियों के बीच हुआ। आचार्य कंबाइंड की टीम 29-22 स्कोर से जीत दर्ज कर अगले चक्र में पहुंच गई। 

आचार्य कंबाइंड की ओर से गोंपो ने सर्वाधिक 14 अंक किए। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 जनवरी को होगा। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर विजेता टीम को सम्मानित किया जाएगा।

अनन्या सिंह। - फोटो : अमर उजाला
योग प्रतियोगिता में अनन्या ने हासिल की 17वीं रैंक
प्रदेश स्तरीय योग प्रतियोगिता में पश्चिमपुर अहरक गांव की 14 वर्षीय अनन्या सिंह ने यूपी टीम में प्रतिभाग करते हुए 17वीं रैंक हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है। हैदराबाद के तेलंगाना में अखिल भारतीय योगासन प्रतियोगिता के अंडर 14 वर्ग में अनन्या ने योग प्रशिक्षक कमलेश पांडेय के नेतृत्व में जीत हासिल की। इससे पूर्व अयोध्या में आयोजित प्रतियोगिता में अनन्या ने स्वर्ण पदक जीता। इस उपलब्धि से ग्राम प्रधान पति प्रवीण सिंह सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। 

अंतर संकाय टी -20 क्रिकेट प्रतियोगिता आज से
बीएचयू खेल परिषद की ओर से गुरुवार को अंतर संकाय क्रिकेट प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रतियोगिता में 12 संकायों की टीमें हिस्सा लेंगी। 22 जनवरी तक आयोजित टी-20 प्रतियोगिता का पहला मैच दृश्य कला संकाय और विधि संकाय के बीच सुबह नौ बजे से होगा। दूसरा मैच प्रबंध संकाय और राजीव गांधी साउथ कैंपस की टीम के बीच होगा। ये जानकारी बीएचयू खेल परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कॉपरी ने दी। 

सिगरा स्टेडियम में क्रिकेट के विजेता खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
पांच विकेट से जीत दर्ज कर छावनी सोल्जर्स की टीम फाइनल में पहुंची
स्वर्गीय हरिश्चंद्र श्रीवास्तव की स्मृति में सिगरा स्टेडियम में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में छावनी सोल्जर्स ने पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज फाइनल के लिए दावेदारी पक्की कर ली। पहले सेमीफाइनल में छावनी सोल्जर्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। रामनगर ईगल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 75 रनों का स्कोर खड़ा किया। 

रामनगर ईगल्स की ओर से संतोष द्विवेदी ने 27 रन और नंदलाल ने नाबाद 22 रनों का योगदान दिया। छावनी सोल्जर्स के लिए चंद्र प्रकाश चंदू और रोहित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। 76 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छावनी सोल्जर्स की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 76 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की और टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। 

छावनी सोल्जर्स के लिए रोहित गुप्ता और संदीप ने महत्वपूर्ण साझेदारी निभाते हुए टीम को जीत दिलाई। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए छावनी सोल्जर्स के रोहित गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, पार्षद प्रतिनिधि राजीव सिंह पटेल, एडवोकेट हरिशंकर मिश्रा प्रतियोगिता के खेल संयोजक पीपी आनंद मिश्रा और अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे
विज्ञापन

बड़ालालपुर में महिला हैंडबाॅल प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
अंतर महाविद्यालय हैंडबाॅल : चार दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन पांच मुकाबले हुए
बड़ालालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय में बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ क्रीड़ा परिषद की ओर चार दिवसीय अंतर महाविद्यालय महिला हैंडबाॅल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियाेगिता के पहले दिन काशी विद्यापीठ की टीम ने मेजबान महाविद्यालय जीवनदीप को 12-01 गोल से परास्त कर अगले चक्र में प्रवेश किया। 

प्रतियोगिता के पहले मैच में महादेव पीजी काॅलेज बरियासनपुर और राजकीय महाविद्यालय पलहीपट्टी के बीच हुए मुकाबले में 12-04 से महादेव पीजी काॅलेज ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता दूसरा मैच महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और जीवनदीप महाविद्यालय के बीच खेला गया। इस मैच में जीवनदीप महाविद्यालय को 12-01 से मात देते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने जीत हासिल की। 

वहीं, तीसरा मैच काशी विद्यापीठ और महादेव पीजी काॅलेज के बीच हुआ। इसमें 13-8 से काशी विद्यापीठ टीम विजयी रही। चौथा मुकाबला राजकीय महाविद्यालय और जीवनदीप के बीच हुआ। इसमें जीवनदीप टीम 04-06 से विजयी रही। पांचवां मैच काशी विद्यापीठ और राजकीय महाविद्यालय के बीच हुआ। 

इसमें 13-04 से काशी विद्यापीठ ने जीत हासिल की। इसीलिए क्रम में छठा और अंतिम मैच गुरुवार को जीवनदीप महाविद्यालय और महादेव पीजी कॉलेज के बीच होगा। खेल का उद्घाटन मुख्य अतिथि काशी विद्यापीठ क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. संतोष कुमार और जीवनदीप शिक्षण समूह की उपाध्यक्ष डॉ. अंशु सिंह ने किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें