भाकपा के राष्ट्रीय सचिव एवं किसान सभा के राष्ट्रीय महामंत्री अतुल अंजान ने कहा कि नोटबंदी के बाद गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने का फैसला साबित होगा। देश की मोदी एवं उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह से विफल है।
यह सरकार देश को बांट रही है। यह बातें उन्होंने वरिष्ठ नेता इकबाल अहमद के घर पर बुधवार को बातचीत में कही। अंजान ने कहा कि जीएसटी से सबसे ज्यादा किसान प्रभावित होंगे। उनके पंपसेट से लेकर खाने-पीने तक के सारे सामान महंगे हो जाएंगे।
डीजल, केरोसिन, खाद, कपड़ा, लोहे तमाम ऐसी वस्तुएं, जिसको किसान प्रयोग में लेता है, सब पर टैक्स की मार से महंगाई बढ़ेगी और किसान लूटे जाएंगे। सरकार ने अगरबत्ती से लेकर कफन तक पर टैक्स लगाकर देश विरोधी होने का सबूत दे दिया है।
कहा कि पूरी दुनिया में जीएसटी फेल साबित हुई है। ब्राजील जैसे देश ने 6 महीने में ही फैसला बदल दिया और जीएसटी को रोक दिया। चीन में 10 प्रतिशत जीएसटी है लेकिन हमारे देश में 28 से 31 प्रतिशत टैक्स तय किए गए हैं। इससे पूरी अर्थव्यवस्था चरमराने जा रही है।
यह कानून नोटबंदी के बाद देश के खिलाफ सबसे बड़ा फैसला है। अमरीका में विपक्ष की आलोचना करने पर प्रधानमंत्री को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह उनकी नाकामी का नमूना है। केंद्र सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि 2016 में 86 भारतीय सेना के सैनिक मारे गए।
इस समय रोज चार से छह सैनिक मारे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की चर्चा करते हुए कहा कि पिछली सरकार में महिलाओं का चलना मुश्किल था तो इस सरकार में घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार ने जितना काम किया है, उसी काम को यह सरकार अपनी उपलब्धि बताने में लगी है।