घटनास्थल पर महिला जबकि अस्पताल में पति ने तोड़ा दम
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के सोनभद्र में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे मवेशी को बचाने के चक्कर में एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार दंपति की मौत हो गई। हादसा चोपन स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास राजमार्ग पर हुआ। कार में सवार उमा त्रिपाठी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति मिथिलेश त्रिपाठी (55) ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा।
हादसे में दोनों की मौत की खबर के बाद उनके परिवार वालों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार झारखंड के केतार गांव निवासी मिथिलेश त्रिपाठी एनसीएल अमलोरी में नौकरी करते हैं।
मंगलवार को अमलोरी से मिथिलेश त्रिपाठी अपनी पत्नी के साथ कार चलाते हुए राबर्ट्सगंज के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब दो बजे चोपन में एक मवेशी को बचाने के चक्कर में मिथिलेश की कार अनियंत्रित होकर पीछे से खड़े ट्रक में घुस गई। दुर्घटना में दंपति खून से लथपथ होकर मदद कर गुहार लगाने लगे।
आसपास के लोग कार में फंसे दंपति को निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। हालांकि मौके पर ही महिला की मौत हो गई। जबकि सीएचसी चोपन में प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने मिथिलेश त्रिपाठी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर प्रमोद प्रजापति ने घायल को बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घरवाले घायल को ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसने भी दम तोड़ दिया। उधर घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घरवाले और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने में जुटी रही।