महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक में दाखिले के लिए 14 जुलाई से काउंसलिंग शुरू होगी। इसके लिए अभ्यर्थी मंगलवार को वेबसाइट से सत्यापन फार्म भर सकेंगे। इस बीच दूसरे दिन मंगलवार को परिसर में बने सातों केंद्रों पर पीजी के 1075 ने टोकन लिया लेकिन 826 अभ्यर्थियों ने ही प्रमाण पत्रों की जांच करायी, इसमें छात्राओं की संख्या अधिक रही।
विश्वविद्यालय में काउंसलिंग के लिए नई व्यवस्था के तहत अब अभ्यर्थियों को केवल प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए ही विश्वविद्यालय आना पड़ रहा है। इसके लिए उन्हें एक दिन पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट से सत्यापन फार्म भरना पड़ेगा। 13 जुलाई तक स्नातकोत्तर के बाद 14 से 16 तक चलने वाली स्नातक काउंसलिंग में अधिक भीड़ होने की संभावना है। अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए उन्हें समय से मोबाइल पर मैसेज भेज दिया गया।
प्रवेश सेल संयोजक डॉ. चतुर्भुज नाथ तिवारी ने बताया कि स्नातक के अभ्यर्थी बुधवार को अपना पंजीकरण नंबर और जन्म तिथि अंकित कर सत्यापन फार्म डाउनलोड कर सकते हैं। बताया कि मंगलवार को 1645 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था लेकिन 1132 ने सत्यापन फार्म डाउनलोड किया। सभी केंद्रों पर महज 1075 ने ही टोकन लिया, जिसमें से 826 की काउंसलिंग की गई।