वाराणसी। बीएचयू में सत्र 2020-21 में स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए मंगलवार से अभ्यर्थियों को कॉल लेटर भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जबकि 12 अक्तूबर से काउंसिलिंग शुरू होगी। इसको लेकर विभागों में तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं।
विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद काउंसिलिंग की तिथि भी पहले घोषित की जा चुकी है। अब विभागवार दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को 6 अक्तूबर से कॉल लेटर भी भेजा जाएगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए ऐसे छात्र जो दूर दराज से ऑफलाइन काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए विश्वविद्यालय तक नहीं आ पाएंगे उनके लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग का भी विकल्प दिया गया है। ऐसे छात्रों को अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र, सहित अन्य सभी कागजात प्रवेश पोर्टल पर ही अपलोड करना होगा। अगर कागजात अपलोड करने संबंधी कोई भी समस्या आती है तो उन्हें कॉल लेटर में ही प्रवेश समिति से जुड़े सदस्यों के नंबर भी भेजे जाएंगे जिससे कि उन्हें किसी तरह की कोई असुविधा न हो।
ऑनलाइन वालों को विश्वविद्यालय आने की जरूरत नहीं
विश्वविद्यालय में ऑनलाइन एडमिशन असिस्टेंस समिति के संयोजक प्रो. एसके उपाध्याय ने बताया कि जो अभ्यर्थी ऑनलाइन शामिल हो रहे हैं, उन्हें विश्वविद्यालय आने की आवश्यकता नहीं है। अगर आते भी हैं तो उनके मामले पर विचार नहीं किया जाएगा। स्नातक के अभ्यर्थियों को भी फार्म भरते समय अधिक से अधिक सब्जेक्ट कांबिनेशन देना चाहिए। विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 16 अक्तूबर से काउंसिलिंग शुरू होने की संभावना है।