कोलकाता एयरपोर्ट पर पकड़े गए कफ सिरप की तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद को पुलिस ने बुधवार को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट आबिद शमीम की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिनों की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया।
पूछताछ में उसने एसआईटी को कई अहम जानकारियां दी हैं। पूरे मामले में वाराणसी के चार्टड एकाउंटेंट विष्णु अग्रवाल की अहम भूमिका सामने आई है। शुभम के धंधे का पूरा हिसाब सीए विष्णु अग्रवाल ही रखता था। पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है। विष्णु के संपर्क में कौन-कौन थे और तस्करी में अन्य भागीदारी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सोनभद्र पुलिस के साथ ही एसटीएफ, एसआईटी वाराणसी सहित अन्य जिलों की टीमें पूछताछ में जुटी हुई हैं।
शुभम के पिता भोला को सोनभद्र पुलिस की एसआईटी ने रविवार को कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से दबोचा था। वह फ्लाइट पकड़कर थाईलैंड के रास्ते दुबई भागने की फिराक में था। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पुलिस टीम मंगलवार की देर शाम सोनभद्र पहुंची थी।
सीपी ने एसआईटी के साथ की बैठक, लिया फीडबैक
कफ सिरप प्रकरण को लेकर मामले की जांच कर रही एसआईटी के साथ पुलिस आयुक्त ने बुधवार को बैठक की। अबतक की जांच से एसआईटी के अध्यक्ष डीसीपी क्राइम सरवणन टी उन्हें अवगत कराया। पुलिस आयुक्त ने प्रकरण की जांच तेज करने और इस काले कारोबार में जुड़े सभी लोगों को चिन्हित करने को कहा।
पुलिस ने कफ सिरफ से जुड़े मामले में कुछ लोगों को उठाया
प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी के मामले में बुधवार देर शाम पुलिस ने सप्तसागर मंडी, दीनागोला नाथ समेत पांच जगहों पर छापेमारी की। इसमें कुछ दवा फर्म भी हैं। सूत्रों की माने तो पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया भी गया है। इस बारे में पुलिस अभी कुछ खुलकर नहीं बता रही।
ईडी के सामने शुभम को छह दस्तावेजों के साथ होना है उपस्थित
- पैनकार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट
- एक पासपोर्ट साइज फोटो
- चल और अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा दस्तावेजों के साथ, साथ ही खरीद और ब्रिकी का रिकार्ड जो आरोपी के नाम है।
- फर्म,कंपनी का डिटेल,कितने फर्म का डायरेक्टर है, कितना शेयर होल्डर है किस-किस कंपनी को प्रमोट करता है।
- साल 15-16 के आईटीआर की कॉपी
- सभी बैंकों की जानकारी और खाता नंबर के साथ, साथ वो एकाउंट भी जो बंद चल रहा है।