कफ सिरप कांड: सपा सरकार में गनर लेकर चलता था अमित यादव, कैंट विधानसभा चुनाव की कर रहा था तैयारी
Sun, 15 Feb 2026 03:27 PM IST
प्रगति चंद
ललित शंकर पांडेय, अमर उजाला ब्यूरो, वाराणसी।
सार
Varanasi News: कफ सिरप की तस्करी मामले में सपा नेता अमित यादव गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ लखनऊ की टीम ने उसे गिरफ्तार किया। अमित यादव के खिलाफ अप्रैल 2024 में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज है।
वाराणसी जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा गणेश के नवापुरा निवासी अमित यादव 2012 में हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज का छात्रसंघ अध्यक्ष चुना गया था। समाजवादी युवजन सभा में प्रदेश सचिव के पद पर काबिज रहने के दौरान 2016 में समाजवादी पार्टी ने अमित यादव को गनर भी मुहैया कराया था। वर्तमान में अमित यादव कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। एसटीएफ के अनुसार अमित यादव को फाइनेंस का वादा कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल ने किया था।
विज्ञापन
पिछले तीन साल से अमित यादव की जीवनशैली में तेजी से बदलाव आया। घर के पास ही हरिश्चंद्र प्राथमिक विद्यालय के पीछे बहुमंजिला होटल का निर्माण कराया। दो से तीन लग्जरी एसयूवी के काफिले से अमित चलने लगा था। क्षेत्र के लोग यह पहले ही भांप चुके थे कि कफ सिरप सिंडिकेट में अमित यादव है। अधिकतर मौजूदगी सोनभद्र और झारखंड में मिलती थी।
सप्तसागर दवा मंडी के कुछ युवा दवा कारोबारियों के संपर्क में रहने वाले अमित यादव ने शहर के अंदर दो से तीन कीमती प्रॉपर्टी भी बनाई है। एसटीएफ के अलावा ईडी भी अमित यादव और उसके रिश्तेदारों, करीबियों के बैंक विवरण और संपत्तियों की पड़ताल कर रही है।
अमित यादव 2027 में कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटा था। छह माह पूर्व तक अमित के होर्डिंग और पोस्टर भी देखे गए थे। तीन से चार गाड़ियों का काफिला लेकर चलने वाले अमित यादव ने हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के पास भी एक होटल साझेदारी में तय कर रखी है। जमीन और होटल व्यवसाय में अमित यादव ने अच्छा निवेश किया है।