उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक महिला कोरोना वायरस पॉजिटिव मिली है। जिलाधिकारी कार्यालय में उर्दू अनुवादक की पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। डीएम ने इसकी पुष्टि की है। महिला को उपचार के लिए वाराणसी के दीनदयाल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
विज्ञापन
गाजीपुर में अब कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या छह हो गई है। जानकारी के अनुसार, कोरोना वायरस संक्रमित महिला का पति कुछ दिनों पहले जमातियों के संपर्क में आया था। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य के निर्देश पर पति का सैंपल जांच के लिए भेजा था लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके अलावा परिवार का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जिसमें पत्नी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
रिपोर्ट आने के बाद कोरोना पॉजिटिव महिला को वाराणसी भेज दिया गया। इसके साथ ही अब महिला के संपर्क में आने वाले परिवार के सभी सदस्यों और आसपास के लोगों की भी जांच कराई जा रही है। महिला के करीबी रिश्तेदारों के भी सैंपल लिए जाएंगे।
इसके साथ ही गाजीपुर जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या छह हो गई है। उधर रविवार को कोटा से आई छात्रा का रैपिड टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उसकी जांच के लिए बीएचयू वाराणसी भेजा गया है। साथ ही अन्य संदिग्धों का सैंपल लिया जा रहा है।