कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बीएचयू में ऑफलाइन क्लास को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। यहां केवल ऑनलाइन क्लास ही चलेगी। इसके अलावा छात्रों से हॉस्टल खाली करने को भी कहा गया है। इसमें किताब सहित अन्य अध्ययन सामग्री साथ लेकर घर जाने को कहा गया है, जिससे कि घर रहने के दौरान उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं हो। विश्वविद्यालय में सोमवार की शाम कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला हुआ।
केंद्रीय कार्यालय कमेटी कक्ष में हुई बैठक में कोरोनाकाल में विश्वविद्यालय की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। विश्वविद्यालय के छात्रों के संक्रमित होने और अस्पतालों में भी संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से यह निर्णय लिया गया। छात्रों के लिए होली की छुट्टियां 23 मार्च से करने के साथ ही होली अवकाश के दौरान भी केवल ऑनलाइन क्लास ही चलाए जाएंगे। अगले आदेश तक विश्वविद्यालय में सभी प्रकार की ऑफलाइन कक्षाएं भी बंद रहेंगी।