लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दरभंगा जाने वाली स्पेशल ट्रेन 01061 एलटीटी-दरभंगा कैंट स्टेशन से होकर गुजरती है। इस ट्रेन में आठ अप्रैल से 30 अप्रैल तक कंफर्म सीट नहीं है। वातानुकूलित श्रेणी में वेटिंग और टूएस, स्लीपर में रिग्रेट है। 02165 एलटीटी-गोरखपुर फेस्टिवल ट्रेन के सभी श्रेणी में वेटिंग है। 02167 एलटीटी-मंडुवाडीह स्पेशल ट्रेन के स्लीपर में 150 तक वेटिंग, अन्य श्रेणी में भी वेटिंग है। यही हाल 02193 महानगरी स्पेशल ट्रेन का है। मुंबई से बनारस आने वाली इस ट्रेन के स्लीपर में 170 वेटिंग है तो टूएस में रिग्रेट शो हो रहा है। 01071 एलटीटी-बीएसबी कामायनी ट्रेन के टूएस कोच रिग्रेट और अन्य सभी श्रेणी में वेटिंग टिकट है।
09091 एलटीटी-गोरखपुर हमसफर स्पेशल के स्लीपर व थर्ड एसी कोच में वेटिंग है। 05268 एलटीटी-रक्सौल स्पेशल में टूएस में 350 के ऊपर वेटिंग है। इन सभी ट्रेनों में आठ अप्रैल से 30 अप्रैल तक वेटिंग है। जबकि कैंट से होकर मुंबई जाने वाली इन ट्रेनों के सभी श्रेणी में कंफर्म टिकट मिल रहा है। कैंट से मुंबई जाने वाली अधिकतर ट्रेनें चल रही हैं। ट्रवेल एजेंट आकाश तिवारी ने बताया कि इस समय मुंबई से आने के लिए मारामारी मची है। ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रहा है तो लोग सड़क मार्ग से लौट रहे हैं।
हवाई जहाज का भी ले रहे सहारा
महाराष्ट्र से वाराणसी और पूर्वांचल के अन्य जिलों को लौटने वाले यात्रियों को ट्रेन में टिकट नहीं मिल रहा है तो वे हवाई जहाज का सहारा ले रहे हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर मुंबई से आने वाले स्पाइस जेट, इंडिगो के विमान में यात्रियों की संख्या अधिक है। मुंबई जाने वाले विमानों में यात्रियों की संख्या कम है। पहले जहां विमान में 70 से 80 फीसदी यात्री सवार रहते थे तो अब 50 से 60 फीसदी रह गई है। ट्रवेल एजेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों की संख्या बहुत कम है।