मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के भतड़ी गांव में 26 मई को हुई प्रवासी की मौत के बाद जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वृद्ध की मौत के छह दिन बाद सोमवार को आई रिपोर्ट के बाद जिला और स्वास्थ्य विभाग एक्टिव हुआ। परिवार सहित गांव के 11 लोगों को क्वारंटीन करते हुए सभी की सैंपलिंग की गई। गांव को हॉटस्पॉट बनाने की कवायद शुरू हो गई है।
उधर, परदहां ब्लाक परिसर में स्थित सीएचसी में बने एल-1 कोविड हस्पिटल में भर्ती मरीजों में आठ की रिपोर्ट निगेटिव आने पर सोमवार की शाम उन्हे डिस्चार्ज कर घर रवाना किया गया। इससे पहले दो और मरीज ठीक होकर घर लौट चुकें है। साथ ही एक मरीज की मौत होने के बाद जिले में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 23 है।
यह जानकारी जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने सोमवार की शाम कलेक्ट्रेट में दी। बताया कि सोमवार को दो बार में आई जांच रिपोर्ट में जिले में कोरोना पॉजिटिव के कुल पांच मरीज पाए गए। इसमें एक वृद्ध जिसकी सैंपलिंग बीते 23 मई को आजमगढ़ जिला अस्पताल में जांच के लिए की गई थी। वृद्ध की बीते 26 मई को मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के भतड़ी गांव स्थित घर पर मौत हो चुकी है।
उसकी जांच रिपोर्ट सोमवार को आजमगढ़ जिले के माध्यम से आई, इसमें वृद्घ को पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा सोमवार को जिले में आई जांच रिपोर्टो में चार मरीज पाए गए। इसमें दो प्रावासी और दो स्थानीय है। इस तरह से जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 34 हो गई।
वहीं दूसरी तरफ परदहां ब्लाक स्थित सीएचसी एल-1 कोविड अस्पताल में भर्ती मरीजों में से आठ की रिपोर्ट देर शाम निगेटिव आने और पूर्व में दो और मरीजों के निगेटिव होने से जिले में कोरोना के दस मरीज ठीक हो चुकें है। बताया कि सोमवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में एक रानीपुर ब्लाक के खानपुर गांव का निवासी युवक है।
जो 17 मई को अपने दो भाईयों के साथ मुंबई से आया था। 22 को उसका भाईयों के साथ सैपल जांच के लिए भेजा गया था। उसके भाईयों की रिपोर्ट रविवार को तथा तीसरे की रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई। वहीं, फतेहपुर मंडाव के मर्यादपुर में सोमवार को एक और महिला मरीज मिली। यहां पर कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या सात हो गई।
महिला का बेटा पूर्व में पॉजिटिव मिला था, जो 15 मई को अहमदाबाद से घर लौटा था। चौथा मरीज परदहां ब्लाक क्षेत्र के डुमराव गांव में मिला। इस गांव में मुंबई से चलकर 16 मई को आए और 30 मई की रिपोर्ट में पॉजिटिव मिले युवक के संपर्क में आया था। युवक संक्रमित के साथ क्रिकेट मैच खेला था।
चौथा मरीज मुहम्मदाबाद गोहना के नगरी पार गांव में मिला। पॉजिटिव युवक बीते 12 मई को अपने तीन साथियों के साथ मुंबई से गांव आया था। बीते 28 मई को उसकी सैपलिंग की गई थी। सोमवार को मिले पांच मरीजों में से तीन प्रवासी तथा दो स्थानीय है। मृत वृद्घ की रिपोर्ट आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके परिवार से 11 लोगों को क्वारंटीन कर सैंपलिंग किया।
साथ ही पूरे गांव को सैनिटाइज किया गया। सीएमअे ने बताया कि अब तक जो मरीज जिले में मिलें है उसमें से दो की रिपोर्ट दिल्ली से और एक की आजमगढ़ जिले से आई, इसके बाद मिले मरीजों की सैंपलिंग अपने जिले में की गई थी।