बूंदाबांदी के बाद भी शनिवार सुबह कोरोना टीकाकरण को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। शहरी और ग्रामीण इलाकों में बने केंद्रों पर 10,238 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें सबसे अधिक 9313 लोगों को टीके की पहली और 925 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। 18 से 44 साल वाले 6333 और 45 वर्ष से ऊपर के 3909 लोगों को टीका लगाया गया। अब अगले सप्ताह के लिए रविवार को स्लॉट की बुकिंग होगी।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि तीन अभिभावक स्पेशल केंद्रों पर 212 और दो महिला स्पेशल केंद्रों पर भी 124 महिलाओं का टीकाकरण हुआ। बताया कि रविवार सुबह 10 बजे से 18 से 44 साल के लोगों के लिए 21 से 23 जून तक के टीकाकरण के लिए स्लॉट खोला जाएगा। कोविन पोर्टल पर बुकिंग कराया जा सकता है। इसके अलावा कोवैक्सीन की दूसरी डोज के लिए भी पोर्टल पर पंजीकरण होगा।