क्वारंटीन किए गए बच्चे
- फोटो : amar ujala
अपरिचित से लिया बच्चों ने पैसा, प्रशासन ने किया क्वारंटीन
बलिया जिले की रसडा कोतवाली क्षेत्र के कैथी गांव की राजभर बस्ती में बुधवार की शाम को एक अंजान व्यक्ति छोटे-छोटे बच्चों के बीच पैसे बांटकर चला गया। गुरुवार को जब इसकी जानकारी फैली तो गांव में खलबली मच गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 14 बच्चों समेत एक महिला को क्वारंटीन किया है। सभी को गांव के प्राथमिक विद्यालय में रखा गया है।
मामले में पुलिस का कहना है कि जब तक जांच नहीं हो जाती कि पैसे बांटने वाला कौन था और उसकी मंशा क्या थी, ये लोग क्वारंटीन ही रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डा. प्रशांत कुमार ने कहा कि तीन दिन रहने के बाद ही कोरोना वायरस या अन्य संक्रमण की जानकारी होगी। यदि इसके बाद जरूरत पड़ी तो जांच कराई जायेगी।
पुलिस ने सभी को सख्त हिदायत दी है कि प्राथमिक विद्यालय पर ही रहना है और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करना है। प्रभारी निरीक्षक सौरव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर सभी को क्वारंटीन किया गया है, अब स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।