आजमगढ़ के मुबारकपुर कस्बे में कोरोना पॉजीटिव तीन जमातियों के मिलने के बाद डीएम के निर्देश पर पहुंची डब्ल्यूएचओ की टीम ने स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों को गाइडलाइन की जानकारी दी थी। इस दौरान डोर-टू-डोर लोगों की स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के लिए 64 टीमों का गठन किया गया था। ये कार्य मंगलवार से शुरू होना था कि सुबह कस्बे में एक और संदिग्ध के पॉजीटिव होने की जानकारी मिल गई।
डीएम ने सभी को निर्देश दिए हैं कि कोई खाली पैर नहीं चलेगा। साथ ही किसी का दरवाजा हाथ से नहीं खटखटाना है। आवाज लगाकर अंदर से लोगों को बुलाना है। जरूरत पड़े तो किसी सामान से दरवाजा खटखटाएं। टीम परिवार के सदस्यों की संख्या, बाहर से आए लोगों के बारे में जानकारी, उनकी ट्रैवल हिस्ट्री, उम्र, किस मदरसे में नमाज पढ़ते हैं, किसी के अंदर संभावित लक्षण तो नहीं हैं। सबके बारे में जानकारी करेगी। टीम सहित क्षेत्र के लोगों से अपील करने के साथ ही उन्हें जागरूक करने को कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग बनाएं रखें।
डीएम एनपी सिंह ने बताया कि नयापुर सिकठी और नेवादा की मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले कुल 22 लोगों के सैंपलिंग के साथ ही उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया था। इसके साथ ही परिवार के लोगों को भी घरों में क्वारंटीन किया गया है। इन सभी की जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ेगी तो सैंपलिंग और हास्पिटल क्वारंटीन किया जाएगा।