नए सिरे से कोरोना के टीकाकरण की तैयारी में जुटा स्वास्थ्य विभाग
कोरोना टीकाकरण को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग नए सिरे से समीक्षा में जुट गया है। इसमें वैसे तो सभी केंद्रों की निगरानी की जाएगी लेकिन ऐेसे टीकाकरण केंद्र जहां अब तक दो दिन के अभियान में लक्ष्य अपेक्षाकृत कम रहा है, उन पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसमें शहरी क्षेत्र में बीएचयू, ट्रामा सेंटर के साथ ही हेरिटेज मेडिकल कॉलेज और ग्रामीण इलाकों में सीएचसी मिसिरपुर, हरहुआ शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले चरण में जिन करीब 18 हजार लोगों को टीकाकरण किया जाना है। अब तक दो दिन में 3500 में कुल 2075 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए गए 15 केंद्रों में कई ऐसे केंद्र हैं, जहां तय मानक के अनुसार प्रगति ठीक रही है लेकिन कुछ जगहों पर प्रदर्शन ठीक नहीं है। अब विभाग के स्तर पर समीक्षा शुरू हो गई है, जिससे कि 28 जनवरी को होने वाले टीकाकरण के दौरान प्रतिशत बढ़ाया जा सके।
हालांकि पहले से 28-29 जनवरी की तिथि तय है लेकिन अब जबकि जिले में कोरोना की पर्याप्त वैक्सीन आ गई है तो 28-29 जनवरी के बाद भी चार अन्य दिनों में टीकाकरण कराने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैसे तो 30 केंद्र तय किए गए थे, लेकिन 22 जनवरी को 15 केंद्रों पर टीकाकरण कराया गया और आने वाले दिनों में भी इतने ही केंद्र पर टीका लगाया जाना है।