बलिया में 24 घंटे में मरीजों के पॉजिटिव आने का अब तक का रिकॉर्ड सोमवार को टूट गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर, फार्मासिस्ट के परिवार व जिला पूर्ति अधिकारी समेत कुल 38 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। जिलाधिकारी की ओर से जारी की गई लिस्ट के अनुसार इन 38 मरीजों के सामने आने के बाद 12 हॉट स्पॉट नए बने हैं।
जिले में सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीजों की लिस्ट 3 चरणों में सामने आई। पहले चरण में दिन में 10:00 बजे बताया गया कि आज कुल 3 नए मरीज सामने आए हैं। शाम को लगभग 8:00 बजे 11 और मरीज सामने आए। रात 10:00 बजे तक मरीजों की यह संख्या बढ़कर 24 हो गई। इस प्रकार कुल मिलाकर पिछले 24 घंटे में कुल 38 मरीज सामने आए।
सोमवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में जिला अस्पताल के प्रसिद्ध सर्जन समेत परिवार के तीन लोग पॉजिटिव पाए गए। जबकि जिला अस्पताल में तैनात एक फार्मासिस्ट समेत परिवार के पांच सदस्य पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा जिला पूर्ति अधिकारी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा शहर व आसपास के अन्य क्षेत्रों के 29 अन्य लोग भी पॉजिटिव पाए गए।