कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या में बुधवार की तुलना में बृहस्पतिवार को थोड़ी कमी आई। बृहस्पतिवार को पुलिस कमिश्नर आवास, आईएमएस बीएचयू में डॉक्टर समेत कई जगहों से कुल 518 नये मरीज मिले हैं। इसमें से केवल दो ही मरीज ऐसे हैं, जिन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही पहले से होम आईसोलेशन में रहने वाले 795 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया जबकि पांच लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
कोरोना मरीजों की संख्या जिस तरह बढ़ती जा रही थी, उसमें बृहस्पतिवार को संख्या कम रहने की वजह से थोड़ी राहत जरूर हुई। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली 7302 सैंपल की रिपोर्ट मिली, जिसमें 6784 की रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि 518 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें 70 से अधिक महिलाएं, 18 साल से कम उम्र के 15 बच्चे भी शामिल हैं। बृहस्पतिवार को नए मरीजों के मिलने के बाद अब तीसरी लहर में कुल 7496 मरीजाें में 3627 के डिस्चार्ज होने के बाद एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी चार हजार से कम आकर 3869 आ गया है। इस तरह रिकवरी रेट जहां 7.09 प्रतिशत रहा वहीं रिकवरी रेट 48.39 प्रतिशत रहा। इस समय अस्पतालों में कुल 17 मरीज भर्ती है।