निजी लैब में कोरोना सैंपल जांच के लिए शुल्क निर्धारण को लेकर शासन ने 4 दिन पहले 10 सितंबर को जारी आदेश में संशोधन करते हुए नया रेट तय कर दिया है। अब निजी लैब में ट्रू नॉट-सीबी नॉट से जांच में दो हजार रुपये देने पड़ेंगे, जबकि आरटीपीसीआर के लिए 1600 रुपये लोगों को देने होंगे।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद की ओर से रविवार को इसका आदेश भी जारी कर दिया गया। जिले में लाल पैथ लैब, एसआरएल और कोर डायग्नोस्टिक को कोरोना जांच की अनुमति मिली है। इसके पहले 10 सितंबर को अपर मुख्य सचिव ने जो आदेश जारी किया था, उसमें निजी लैब में सभी प्रकार की कोरोना जांच के लिए 1600 रुपये शुल्क निर्धारित किया था लेकिन 13 सितंबर को जारी आदेश में संशोधन करते हुए कहा है कि ट्रू नॉट-सीबी नॉट से किए जाने वाले जांच के लिए अब निजी लैब 2000 ले सकेंगे जबकि आरटीपीसीआर जांच के लिए 1600 ही लेना होगा। उन्होंने आदेश की कॉपी कमिश्नर, जिलाधिकारी, सीएमओ सहित अन्य लोगों को भेजकर पालन कराने को कहा है।