राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने सोमवार को मीडिया से बातचीत की। बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर मांस की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकानदारों को अपनी पहचान से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी। दुकानों के बाहर नेमप्लेट के साथ क्यूआर कोड और रेट लिस्ट लगानी होगी। क्यूआर कोड के जरिये ग्राहक दुकानदार से संबंधित जानकारी हासिल कर सकेंगे। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर भी निगरानी रखने की बात कही गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए कांवड़ मार्गों पर हाईटेक निगरानी व्यवस्था की गई है। 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी होगी। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। इसके लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया गया है। डॉ. दयाशंकर मिश्र ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा में समाज का हर वर्ग जुटा है। सामाजिक संस्थाओं की ओर से भोजन, ठहरने और चिकित्सा की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है।