सहड़ी गांव में ठेकेदार कृष्ण कुमार सिंह उर्फ जयंत सिंह की हत्या पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद में गोली मारकर की गई थी। हत्या के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। एक सफारी व दो बुलेट भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने शुक्रवार को मीडिया के सामने आरोपियों को पेश किया। आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में कबूला कि चुनावी रंजिश में आकर ठेकेदार की घर के पास गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा ने बताया कि ठेकेदार की हत्या के आरोपियों की तलाश की जा रही थी। चोलापुर थानाध्यक्ष महेश सिंह को सूचना मिली की ठेकेदार कृष्ण कुमार सिंह उर्फ जयंत सिंह की हत्या में शामिल बदमाश चार पहिया वाहन से ब्लॉक मुख्यालय धरसौना से कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए वीरेंद्र यादव व जितेंद्र सिंह उर्फ बब्बू निवासी लश्करपुर, बजरंगी चौहान निवासी खनुआन और राघवेंद्र सिंह उर्फ चंदन निवासी बबियाव को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवार राजेश सिंह और जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवार आशुतोष उर्फ सोमा सिंह आमने सामने हो गए थे। इस दौरान दोनों पक्षों द्वारा पैसा बांटने के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। उम्मीदवार राजेश सिंह के पक्ष से ठेकेदार जयंत सिंह ने देख लेने की धमकी दी थी। इसी से सोमा सिंह खार खाए हुए थे। रात में ही ठेकेदार जयंत सिंह के घर पहुंचे और बाहर मोबाइल पर बात करते हुए ठेकेदार को देखते ही गोली मार दी गई थी।